IIT Bombay Case: क्या ChatGPT हिस्ट्री खोलेगी साहिल की मौत का राज? iPhone अनलॉक करने में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच

IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे सुसाइड केस में क्राइम ब्रांच की जांच तेज! आरोपी प्रोफेसर छुट्टी पर भेजे गए। साहिल के लॉक्ड आईफोन की चैटजीपीटी हिस्ट्री से खुलेंगे राज। 7 दिन में आएगी 10 सदस्यीय पैनल की रिपोर्ट।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 10:47 AM IST

Mumbai: आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) के सेकंड ईयर बी-टेक छात्र साहिल वाकोडे की संदिग्ध मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की कमान मुंबई क्राइम ब्रांच ने संभाल ली है और जांच की गति तेज कर दी है। क्राइम ब्रांच ने मामले के मुख्य आरोपी और आईआईटी के डीन प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।

इससे पहले पुलिस साहिल के परिजनों, उसके दोस्तों और परीक्षा हॉल में मौजूद अन्य छात्रों के बयान दर्ज कर चुकी है। जांच एजेंसियां अब डिजिटल साक्ष्यों और बयानों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं, ताकि मौत के पीछे की असली वजह से पर्दा उठ सके।

प्रोफेसर को छुट्टी पर भेजा, 10 सदस्यीय पैनल करेगा निष्पक्ष जांच

बढ़ते दबाव और छात्रों के उग्र प्रदर्शनों के बीच आईआईटी बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को अस्थायी रूप से छुट्टी पर भेजने का आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही पूरी घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए 10 सदस्यों की एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।

IIT Bombay Action: अब हॉस्टल कमरों में लगेंगे वॉल-माउंटेड फैन, सीलिंग फैन हटाने की तैयारी

आईआईटी पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटरामन इस समिति की अध्यक्षता करेंगे। खास बात यह है कि इस समिति में छात्रों के प्रतिनिधियों को भी जगह दी गई है। यह जांच कमेटी अगले सात दिनों में अपनी विस्तृत रिपोर्ट बोर्ड को सौंपेगी, जिसे इस केस का सबसे अहम मोड़ माना जा रहा है।

ChatGPT हिस्ट्री खंगाल रही फॉरेंसिक टीम

इस पूरे मामले की सबसे बड़ी और अहम कड़ी साहिल का लॉक्ड आईफोन (iPhone) माना जा रहा है। क्राइम ब्रांच की तकनीकी और फॉरेंसिक टीम विशेषज्ञ सॉफ्टवेयर की मदद से फोन को अनलॉक कर उसमें मौजूद डेटा, मैसेज और खासकर 'चैटजीपीटी हिस्ट्री' (ChatGPT History) निकालने में लगी है।

बता दें कि 18 सितंबर को परीक्षा के दौरान साहिल पर इसी एआई टूल (AI Tool) से नकल करने का आरोप लगा था, जिसके बाद कथित तौर पर अपमानित होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इसके अलावा, परीक्षा हॉल में कड़े सुरक्षा नियमों के बावजूद फोन कैसे पहुंचा, इसकी भी अलग से पड़ताल की जा रही है।

IIT Bombay में ChatGPT विवाद के बाद छात्र की मौत, कैंपस में प्रदर्शन; 7 महीने में तीसरा मामला

देशभर के आईआईटी में उठा संस्थागत सुधारों का मुद्दा

इस त्रासदी के बाद न केवल आईआईटी बॉम्बे, बल्कि आईआईटी कानपुर, खड़गपुर, गुवाहाटी, रुड़की और हैदराबाद के शिक्षक संगठनों और छात्रों ने भी निष्पक्ष जांच और संस्थागत सुधारों की मांग उठाई है। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि उनका प्रदर्शन किसी शैक्षणिक अनियमितता का समर्थन नहीं करता, बल्कि वे परिसरों में मानसिक दबाव और उत्पीड़न से बचाव का तंत्र चाहते हैं।

दूसरी ओर, साहिल के परिजनों ने प्रोफेसर दुल्ला पर आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी (SC/ST) अधिनियम के तहत गंभीर आरोप लगाए हैं। साहिल के पिता ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी अधिकारियों की तुरंत गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

Location :  Mumbai

Published :  23 September 2026, 10:47 AM IST