
CM कार्यक्रम से लौट रही बस की भीषण टक्कर (Image Source: Google)
Chhindwara: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुख्यमंत्री के हितग्राही सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी एक बस की नागपुर रोड पर सिमरिया के पास एक पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
हादसे के वक्त बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया गया।
इस दर्दनाक हादसे में बस और पिकअप दोनों के ड्राइवरों समेत कुल 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
Ballia: ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत कैसे? निजी अस्पताल में परिजनों का हंगामा
घायलों में एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि कई लोगों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़क पर चारों ओर मलबा और खून फैला हुआ था। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के आदेश भी दिए हैं। साथ ही छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूँ।
मैंने संबंधित अधिकारियों को…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 26, 2026
सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की है। सभी घायलों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम बनाकर पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Chhindwara
Published : 26 March 2026, 10:49 PM IST
Topics : 10 People Died in Bus Accident Accident News Chhindwara Bus Accident Mohan Yadav Event MP News