Tandoori Roti Recipe: सिर्फ तवे पर तैयार होगी रेस्टोरेंट स्टाइल तंदूरी रोटी, बस अपनाएं ये है खास ट्रिक

अगर आपको भी लगता है कि बिना तंदूर के घर पर तंदूरी रोटी नहीं बन सकती, तो यह आसान तरीका आपके लिए है। साधारण लोहे के तवे पर गेहूं के आटे से बनाएं बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी स्मोकी और क्रिस्पी तंदूरी रोटी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 May 2026, 4:07 PM IST

New Delhi: जब भी दाल मखनी, कड़ाही पनीर या शाही पनीर जैसी स्वादिष्ट डिश खाने की बात आती है, तो उसके साथ गरमागरम तंदूरी रोटी का नाम सबसे पहले याद आता है। तंदूरी रोटी का स्मोकी फ्लेवर और हल्की क्रिस्पी बनावट खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है।

हालांकि, ज्यादातर लोगों को लगता है कि बिना तंदूर के घर पर ऐसी रोटी बनाना संभव नहीं है। लेकिन अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक आसान ट्रिक से आप साधारण तवे पर ही बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी तंदूरी रोटी बना सकते हैं।

तंदूरी रोटी के लिए चाहिए ये सामग्री

इस रेसिपी के लिए ज्यादा मेहनत या खास सामान की जरूरत नहीं होती। आपको सिर्फ 2 कप गेहूं का आटा, आधा कप दही, 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, थोड़ा नमक, 1 चम्मच तेल और पानी चाहिए। इसके अलावा स्वाद और लुक बढ़ाने के लिए कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया भी इस्तेमाल किया जा सकता है। रोटी के ऊपर लगाने के लिए मक्खन या देसी घी तैयार रखें।

मुलायम आटा गूंथना है जरूरी

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा, नमक और बेकिंग पाउडर को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें दही और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। जब आटा तैयार हो जाए, तो ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर उसे 15 से 20 मिनट तक ढककर रख दें। इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और रोटियां ज्यादा मुलायम बनेंगी।

Summer Diet: लू और एसिडिटी से बचना है तो डाइट में शामिल करें दही की ये रेसिपी, पाचन रहेगा एकदम दुरुस्त

पानी लगाने वाली ट्रिक करेगी कमाल

अब आटे की लोई बनाकर उसे गोल या अंडाकार आकार में बेल लें। इसके ऊपर कलौंजी और हरा धनिया डालकर हल्के हाथ से दबा दें। इसके बाद रोटी की एक तरफ पानी अच्छी तरह लगाएं। यही सबसे जरूरी ट्रिक है, क्योंकि पानी की मदद से रोटी तवे पर चिपकती है और तंदूर जैसा असर देती है। ध्यान रखें कि इसके लिए सिर्फ लोहे के तवे का ही इस्तेमाल करें।

तवे पर ऐसे दें तंदूर जैसा स्वाद

गैस पर लोहे का तवा तेज आंच पर गर्म करें और पानी लगी साइड को तवे पर चिपका दें। कुछ ही सेकंड में रोटी पर बुलबुले आने लगेंगे। अब तवे को सावधानी से उल्टा करके गैस की सीधी आंच पर घुमाएं। इससे रोटी पर तंदूर जैसे भूरे निशान आ जाएंगे और उसका स्वाद बिल्कुल ढाबे जैसा लगेगा।

Summer School Holiday 2026: भीषण गर्मी के चलते नोएडा-बुलंदशहर समेत कहां-कहां स्कूल बंद

मक्खन लगाकर करें सर्व

जब रोटी अच्छी तरह सिक जाए, तो चिमटे की मदद से उसे निकाल लें और ऊपर से मक्खन या देसी घी लगा दें। अब इसे अपनी पसंदीदा दाल या सब्जी के साथ गरमागरम परोसें। घर पर बनी यह तंदूरी रोटी स्वाद में इतनी शानदार लगेगी कि हर कोई आपकी तारीफ करेगा।

Location :  New Delhi

Published :  29 May 2026, 4:07 PM IST