UK Board Result 2026: जल्द छात्रों का इंतजार होगा खत्म, जानें कहां और कैसे देखें अपना रिजल्ट

उत्तराखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 25 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे जारी करेगा। 2 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट और स्कूल पोर्टल पर उपलब्ध होगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 April 2026, 3:53 PM IST

Ramnagar: उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम की तारीख तय कर दी गई है। लंबे इंतजार के बाद अब 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे रिजल्ट घोषित किया जाएगा। करीब 2 लाख से अधिक छात्र अपने नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

रामनगर से होगा रिजल्ट जारी

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के सभागार में आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती मौजूद रहेंगे।

2 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा

बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, इस वर्ष हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस तरह कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। सभी छात्रों को अब अपने रिजल्ट का इंतजार है, जो जल्द ही समाप्त होने वाला है।

समयबद्ध तरीके से पूरी हुई परीक्षा

इस बार परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह तय शेड्यूल के अनुसार संपन्न हुई। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित की गईं, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गईं।

Rajasthan Board Result 2026: लाखों छात्रों का इंतजार होगा खत्म, इस दिन आएगा RBSE 10वीं का रिजल्ट

राज्यभर में बनाए गए परीक्षा केंद्र

परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरे राज्य में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। साथ ही 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील घोषित किया गया था। सबसे अधिक केंद्र टिहरी गढ़वाल में 136 और सबसे कम चंपावत में 44 केंद्र बनाए गए।

रिजल्ट देखने की नई व्यवस्था

इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे, जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट [www.ubse.uk.gov.in](http://www.ubse.uk.gov.in) पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा।

Bihar Board Result Update: खुशखबरी! बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, छात्र ऐसे चेक करें परिणाम

अब काउंटडाउन शुरू

रिजल्ट की तारीख तय होने के बाद छात्रों और अभिभावकों की नजरें अब 25 अप्रैल पर टिक गई हैं। इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं और रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।

Location :  Ramnagar

Published :  20 April 2026, 3:53 PM IST