UPSSSE सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित, 1828 पदों पर 1643 उम्मीदवारों का चयन; यहां देखें परिणाम

UPSSSC Assistant Accountant Final Result 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 1828 पदों पर 1643 उम्मीदवार सफल हुए हैं। आधिकारिक वेबसाइट पर कट-ऑफ देखें।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 13 August 2026, 11:51 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापित कुल 1828 पदों के मुकाबले इस प्रक्रिया में 1643 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है। आयोग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।

विभिन्न विभागों के पदों पर श्रेणीवार चयन विवरण

सहायक लेखाकार (सामान्य चयन): आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत 668 पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें अनारक्षित वर्ग के 387, ओबीसी के 117 और ईडब्ल्यूएस के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण एससी के 88 और एसटी के 10 पदों को अग्रनीत किया गया है।

सहायक लेखाकार (विशेष चयन): 950 पदों के मुकाबले 866 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है, जिसमें एससी के 341, एसटी के 12 और ओबीसी के 513 उम्मीदवार शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत आरक्षित सभी 190 पदों पर योग्य महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

JOb News: इंजीनियर्स के लिए खुशखबरी! HPCL ने कई पदों पर जारी की वैकेंसी, जानिये नौकरी की फुल अपडेट

लेखा परीक्षक पद: कुल 209 सामान्य चयन पदों में से 206 पर चयन हुआ है। इसमें अनारक्षित 96, एससी 28, एसटी 4, ओबीसी 58 और ईडब्ल्यूएस के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। इस श्रेणी में भी महिला क्षैतिज आरक्षण के सभी 41 पदों को भर लिया गया है।

विधिक सेवा प्राधिकरण: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एकमात्र अनारक्षित पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन सुनिश्चित किया गया है।

औपबंधिक चयन और न्यायिक मामलों की स्थिति

कुल 68 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक (Provisional) रूप से किया गया है। इन उम्मीदवारों का अंतिम चयन उनके दस्तावेजों के सत्यापन और आयोग तथा संबंधित विभाग के अंतिम निर्णय के अधीन होगा। इसके अतिरिक्त, यह संपूर्ण चयन परिणाम माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन विभिन्न रिट याचिकाओं और विशेष अपीलों के अंतिम आदेशों के अधीन रहेगा।

Job News: : UPPSC PCS में निकली बंपर भर्तियां, आवेदन की तारीख बढ़ी, जानें नौकरी की बाकि डिटेल्स

योगी सरकार प्रदेश में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रियाओं को प्राथमिकता दे रही है। सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के पदों पर हुए इस चयन से राज्य के योग्य युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश के नए रास्ते खुले हैं। अभ्यर्थी अपना परिणाम और विस्तृत जानकारी देखने के लिए यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट (upsssc.gov.in) पर विजिट कर सकते हैं।

Location :  Lucknow

Published :  13 August 2026, 11:51 AM IST