
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा कल से (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई तक किया जाएगा। तीन दिनों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 20 लाख पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर पांच पालियों में संपन्न होगी। इस बार परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक कड़ी रखी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों पर विशेष ध्यान देने का दावा किया है।
वर्ष 2021 में यूपी टीईटी का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। वहीं हाल ही में महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां कई कोचिंग संस्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। हालांकि इस संबंध में किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन परीक्षा से पहले निगरानी व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है।
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Muzaffarnagar: बारिश ने खोली प्रशासन की पोल! जानें कैसे एक सीवर लाइन ले सकती थी राहगीरों की जान
यूपी टीईटी का आयोजन कुल पांच पालियों में किया जाएगा।
2 जुलाई को उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी।
3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित होगी।
4 जुलाई को पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी।
इस बार कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 17,67,180 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश से हैं, जबकि 2,27,481 अभ्यर्थी अन्य राज्यों से परीक्षा देने आ रहे हैं।
जौनपुर इस बार सबसे अधिक पंजीकरण वाला जिला बना है, जहां से 67,597 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वहीं सबसे कम एक अभ्यर्थी लद्दाख से पंजीकृत हुआ है। उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के अभ्यर्थी भी इस परीक्षा में शामिल होंगे। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थियों वाले जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख यातायात केंद्रों पर अतिरिक्त सहायता व्यवस्था की जाएगी। परिवहन निगम, रेलवे और स्थानीय परिवहन सेवाओं के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त बसों और अन्य साधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन को पहले से तैयारी करने को कहा गया है। साथ ही भोजन और पेय पदार्थों की कीमतें अनावश्यक रूप से न बढ़ें, इस पर भी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के साथ समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचें।
Location : Lucknow
Published : 1 July 2026, 8:47 PM IST