
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों के लिए आने वाले चार महीने बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाले हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इसी साल दिसंबर तक कुल 7 बड़ी और अहम परीक्षाएं आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली है। इन परीक्षाओं के अंतर्गत उच्च शिक्षा से लेकर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा तक के कई विभागों में बंपर भर्तियां की जाएंगी। आयोग द्वारा जारी इस कार्ययोजना से उन लाखों युवाओं को राहत मिलने की उम्मीद है जो लंबे समय से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे थे।
इस भर्ती अभियान की शुरुआत इसी महीने यानी सितंबर से हो रही है। अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को तय की गई है। इस भर्ती की चयन प्रक्रिया पहले से ही गतिमान थी, जिसे अब अंतिम चरण में परीक्षा के जरिए पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही, उच्च शिक्षा विभाग के तहत ही असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने की तैयारी है।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले से सेवारत शिक्षकों के लिए एक विशेष परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में होने वाली इस स्पेशल टीईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 5 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
आवेदन की अंतिम तिथि: 4 अक्टूबर 2026
फॉर्म संशोधन की अंतिम तिथि: 8 अक्टूबर 2026
परीक्षा की तिथि: 3 नवंबर 2026
यह परीक्षा सामान्य पात्रता परीक्षा से बिल्कुल अलग है और इसे विशेष तौर पर उन कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित किया जा रहा है जिन्हें अपनी टीईटी की अनिवार्यता पूरी करनी है।
माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण पदों के इच्छुक युवाओं के लिए भी बड़ी खुशखबरी है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (PGT) के 2,615 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके नियमों में बदलाव करते हुए परास्नातक (Post Graduation) में कम से कम 50% अंक होने की अर्हता अनिवार्य की जा रही है, जिसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
दूसरी ओर, बहुप्रतीक्षित TGT के 17,740 पदों के लिए भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसमें ग्रेजुएशन में न्यूनतम 50% अंकों की शर्त के साथ-साथ टीईटी को अनिवार्य बनाने का प्रस्ताव भी शासन के पास विचाराधीन है। नियमों को हरी झंडी मिलते ही इन विज्ञापनों को जारी कर दिया जाएगा, हालांकि छात्र 15 सितंबर तक टीजीटी का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही, एडेड इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1,475 और हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों का डेटा भी आयोग को मिल चुका है।
बेसिक शिक्षा विभाग के तहत परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 11,508 पदों का अधियाचन पहले ही शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जा चुका है। इन पदों पर भर्ती के लिए 'सुपर टीईटी' परीक्षा कराई जानी है, जिसके विज्ञापन का इंतजार राज्य के डीएलएड और बीएड पास युवा बेसब्री से कर रहे हैं। आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल इन सभी सातों परीक्षाओं के दिसंबर तक संपन्न हो जाने से राज्य में शिक्षा विभाग की तस्वीर काफी हद तक बदल जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 5 September 2026, 1:18 PM IST
Topics : Super TET UP UP Education Service Selection Commission UP Government Jobs UP teacher recruitment 2026 UP TGT PGT Vacancy