हिंदी
4,471 पदों पर होगी भर्ती (Source: Pinterest)
New Delhi: दक्षिणी रेलवे ने अप्रेंटिस के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए 4,471 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 27 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों की सूची 15 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। ध्यान रखें कि यह भर्ती नियमित नौकरी नहीं, बल्कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए है।
इस भर्ती के तहत फ्रेशर और पूर्व-आईटीआई श्रेणी में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। फ्रेशर श्रेणी में कुल 163 पद हैं। इनमें फिटर, वेल्डर, पेंटर और एमएलटी जैसे ट्रेड शामिल हैं।
वहीं, पूर्व-आईटीआई श्रेणी में कुल 4,308 पद हैं। इनमें कैरिज एंड वैगन वर्क्स पेरम्बूर समूह के 1,528, केंद्रीय कार्यशाला पोनमलई समूह के 1,292 और सिग्नल एवं टेलीकॉम वर्कशॉप पोदानूर समूह के 1,488 पद शामिल हैं।
फिटर, मशीनिस्ट, एमएमवी, टर्नर, डीजल मैकेनिक, बढ़ई, पेंटर, वेल्डर, वायरमैन, प्लंबर और ड्राफ्ट्समैन जैसे ट्रेड के लिए उम्मीदवार को 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक के साथ पास होना चाहिए। संबंधित ट्रेड में आईटीआई और NCVT/SCVT प्रमाणपत्र भी जरूरी है।
इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के लिए विज्ञान विषय के साथ 10वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक और संबंधित आईटीआई जरूरी है। इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के साथ 10वीं में 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।
सचिवीय सहायक और अंग्रेजी स्टेनोग्राफर के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। ICTSM के लिए 10वीं पास और संबंधित आईटीआई प्रमाणपत्र चाहिए। COPA/PASA के लिए 10वीं में 50 प्रतिशत अंक और राष्ट्रीय ट्रेड प्रमाणपत्र जरूरी है।
28 अगस्त 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 15 वर्ष होनी चाहिए। फ्रेशर और पूर्व-आईटीआई उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 22 वर्ष तथा एमएलटी उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 24 वर्ष निर्धारित है। OBC-NCL को 3 वर्ष, SC/ST को 5 वर्ष और PwBD उम्मीदवारों को 10 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
फ्रेशर 10वीं पास उम्मीदवारों को 8,200 रुपये और 12वीं पास उम्मीदवारों को 9,600 रुपये मासिक वजीफा मिलेगा। पूर्व-आईटीआई श्रेणी के उम्मीदवारों को 9,600 रुपये मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
फ्रेशर श्रेणी में 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी। पूर्व-आईटीआई श्रेणी में 10वीं और आईटीआई के अंकों को समान महत्व दिया जाएगा। दोनों के अंक मिलाकर 200 अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी। एमएलटी श्रेणी में 12वीं के संबंधित विषयों के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी।
उम्मीदवार दक्षिणी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘समाचार एवं अपडेट’ सेक्शन में ‘कार्मिक शाखा सूचना’ पर क्लिक करें। इसके बाद अप्रेंटिस भर्ती की अधिसूचना खोलकर ऑनलाइन आवेदन लिंक पर जाएं। आवेदन फॉर्म में सभी जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और लागू शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें।
Location : New Delhi
Published : 1 September 2026, 1:39 PM IST