रेलवे में 5 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां! NTPC भर्ती में कौन कर सकता है आवेदन, जानिए पूरी डिटेल

रेलवे में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए NTPC भर्ती बड़ा मौका लेकर आई है। 5 हजार से ज्यादा पदों पर होने वाली इस भर्ती में 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट उम्मीदवार तक आवेदन कर सकेंगे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 October 2026, 9:03 PM IST

New Delhi: रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) के तहत 5,165 पदों पर भर्ती का मौका दिया है। खास बात यह है कि इसमें 12वीं पास और ग्रेजुएट दोनों तरह के उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। भर्ती से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया इसी महीने शुरू होने जा रही है।

ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए 3,477 पद

ग्रेजुएट लेवल की भर्ती में कुल 3,477 पद रखे गए हैं। इनमें स्टेशन मास्टर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, सीनियर क्लर्क समेत कई पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर से शुरू होंगे और उम्मीदवार 6 नवंबर तक फॉर्म भर सकेंगे।

ग्रेजुएट लेवल पर चयन केवल एक परीक्षा के आधार पर नहीं होगा। संभावित प्रक्रिया में CBT-1, CBT-2 के बाद पद के अनुसार कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) या कंप्यूटर बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट (CBTST), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल हो सकती है।

ये भी पढ़ें- सरकारी नौकरी का सपना देखने वालों के लिए आई खुशखबरी! बिना लिखित परीक्षा रेलवे में 2008 पदों पर भर्ती; देखें अंतिम तारीख

12वीं पास के लिए भी बड़ा मौका

12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए 1,688 पदों पर भर्ती होगी। इनमें कॉमर्शियल कम टिकट क्लर्क, ट्रेन क्लर्क, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट जैसे पद शामिल हैं। इन पदों के लिए आवेदन 15 अक्टूबर से शुरू होकर 13 नवंबर तक चलेंगे। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 12वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी बताए गए हैं। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए पास होना पर्याप्त है।

टाइपिस्ट पदों पर आवेदन करने वालों को टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। इसके लिए अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की गति जरूरी है। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रखी गई है।

परीक्षा में कैसे पूछे जाएंगे सवाल?

NTPC भर्ती के CBT-1 में कुल 100 सवाल होंगे और परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। इसमें जनरल अवेयरनेस के 40, गणित के 30 और जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग के 30 सवाल होंगे। CBT-2 में 120 सवाल होंगे। इसमें जनरल अवेयरनेस से 50, गणित से 35 और जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग से 35 प्रश्न पूछे जाएंगे। दोनों परीक्षाओं में गलत जवाब देने पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।

ये भी पढ़ें- सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर: SSC CHSL भर्ती के लिए आवेदन की समय सीमा पास, जल्द करें अप्लाई

किन पदों पर देना होगा स्किल टेस्ट?

CBT के दोनों चरणों के बाद स्टेशन मास्टर और ट्रैफिक असिस्टेंट पदों के लिए CBAT होगा। वहीं सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर असिस्टेंट कम टाइपिस्ट जैसे पदों के लिए CBTST देना होगा।पहले चरण की परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को दूसरे चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

आवेदन शुल्क कितना होगा?

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है। CBT-1 में शामिल होने पर निर्धारित नियमों के अनुसार 400 रुपये वापस किए जाएंगे। एससी, एसटी, महिला, ईबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये है, जो CBT-1 में शामिल होने पर वापस किया जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  2 October 2026, 9:03 PM IST