
ISRO में करियर बनाने का सुनहरा मौका (Img- Pinterest)
New Delhi: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का हिस्सा बनकर देश के बड़े स्पेस मिशनों में योगदान देने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अंतरिक्ष विभाग और इसरो ने कुल 746 विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हाल के सालों में इसरो द्वारा निकाली गई यह सबसे बड़ी भर्तियों में से एक है। देश की प्रतिष्ठित स्पेस एजेंसी में नौकरी पाने के इच्छुक युवा इसरो के आधिकारिक पोर्टल isro.gov.in/careers पर जाकर सभी जरूरी दिशा-निर्देशों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान में तकनीकी और गैर-तकनीकी, दोनों वर्गों के उम्मीदवारों के लिए मौके दिए गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख 92 पद साइंटिस्ट और इंजीनियर की कैटेगरी के हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए 34, मैकेनिकल के लिए 26 और कंप्यूटर साइंस के लिए 13 सीटें आरक्षित हैं।
क्या आप भी बनना चाहते हैं ISRO साइंटिस्ट? जानिए कितनी मिलती है सैलरी और इस्तीफा देने की नई शर्तें
इसके अलावा सिविल, इलेक्ट्रिकल, आर्किटेक्चर और रेफ्रिजरेशन विंग में भी पद खाली हैं। वहीं, इसरो सेंट्रलाइज्ड रिक्रूटमेंट बोर्ड (ICRB) के माध्यम से असिस्टेंट, जूनियर पर्सनल असिस्टेंट, अपर डिवीजन क्लर्क और स्टेनोग्राफर जैसे 244 प्रशासनिक पदों पर बहाली की जाएगी। बेंगलुरु स्थित यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) में 410 अप्रेंटिसशिप सीटों के लिए भी वैकेंसी जारी की गई है।
साइंटिस्ट और इंजीनियर पदों के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित ट्रेड में कम से कम 65% अंकों के साथ बीई (BE) या बीटेक (B.Tech) की डिग्री होनी अनिवार्य है। इस बार साइंटिस्ट पदों पर शॉर्टलिस्टिंग के लिए GATE (2025 या 2026) के स्कोर को आधार बनाया गया है।
अंतिम चयन लिस्ट तैयार करने में 50% वेटेज GATE स्कोर को और 50% वेटेज इंटरव्यू को दिया जाएगा। प्रशासनिक और अप्रेंटिस पदों के लिए चयन अलग-अलग लिखित परीक्षा अथवा मेरिट लिस्ट के आधार पर तय किया जाएगा।
साइंटिस्ट/’SC’ के पद पर चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये प्रति माह का शुरुआती बेसिक पे दिया जाएगा। इसके साथ ही महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और मेडिकल जैसी केंद्र सरकार की तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन सभी पदों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किए जाएंगे। योग्य उम्मीदवार 17 अगस्त 2026 तक ऑफिशियल वेबसाइट पर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 31 July 2026, 12:42 PM IST