
टीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एनेक्सी भवन सभागार में नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा एसपी सिटी निमिष पाटील की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
परीक्षा में जिले के कुल 72,020 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे।
नोडल अधिकारी गजेंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। साथ ही सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाएगी।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा से पहले केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बैठक पूरी की जा चुकी है। कक्ष निरीक्षकों को भी परीक्षा से एक-दो दिन पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था लागू रहेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच और निर्धारित परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन बनाया जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 30 June 2026, 10:35 PM IST