अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत हमला किया। तेहरान में खामेनेई ऑफिस के पास धमाके से तनाव बढ़ा, इज़राइल में सायरन बजे और एयरस्पेस बंद। वैश्विक सुरक्षा और हवाई यातायात पर असर।

अमेरिका-इज़राइल ने ईरान पर किया ऑपरेशन एपिक फ्यूरी
Tehran: शनिवार को पेंटागन ने पुष्टि की कि अमेरिका ने इज़राइल की मदद से ईरान पर हमला किया है। इस स्ट्राइक को “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” नाम दिया गया है, जिसका अर्थ है ‘बहुत जबरदस्त और भयंकर गुस्सा’। यह हमला सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के ऑफिस के पास किया गया।
ईरान और अमेरिका के बीच तेहरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर तनाव लंबे समय से बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप चाहते थे कि ईरान अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम पर रोक लगाएं, लेकिन ईरान इसके लिए तैयार नहीं था। ईरान का कहना है कि उसे यूरेनियम समृद्ध करने का अधिकार है और वह लंबी-रेंज मिसाइल प्रोग्राम या हथियारबंद ग्रुप्स के समर्थन पर चर्चा नहीं करना चाहता।
इज़राइल के रक्षा मंत्री कैट्ज़ ने कहा कि यह हमला “खतरों को दूर करने” के लिए किया गया था। उन्होंने और अधिक विवरण साझा नहीं किया। हालांकि, इज़राइल के कई अस्पतालों ने अपने इमरजेंसी प्रोटोकॉल शुरू कर दिए हैं। मरीजों को सुरक्षित अंडरग्राउंड स्थानों पर ले जाया गया। इज़राइल में एयरस्पेस बंद होने के साथ ही पूरे देश में सायरन बजने लगे। इजरायली सेना ने नागरिकों को संभावित मिसाइल हमलों के लिए सचेत किया।
Iran Israel War: ईरान के मिनाब स्कूल पर इजराइल का हमला, 36 मासूम बच्चियों की मौत
तेहरान में चश्मदीदों ने खामेनेई के ऑफिस के पास धमाका सुना। इसके तुरंत बाद ईरानी सरकारी टेलीविजन ने धमाके की रिपोर्ट दी, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं किया। ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया और मोबाइल फोन सर्विस भी अवरुद्ध कर दी। पायलटों को चेतावनी दी गई कि वे सुरक्षित रूट अपनाएं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस हमले से मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ सकता है। वैश्विक तेल व्यापार, हवाई यातायात और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। विशेषज्ञ आगाह कर रहे हैं कि नागरिक सुरक्षा और हवाई मार्गों की सुरक्षा प्राथमिकता बनानी होगी।
विश्व समुदाय ने स्थिति पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। अमेरिका और इज़राइल की इस कार्रवाई के चलते कई देशों ने अपनी नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। यह संकट भविष्य में क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।