हिंदी
नेपाल में फिर बढ़ा खतरा
काठमांडू: नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अब एक नई प्राकृतिक आपदा का खतरा मंडरा रहा है। नेपाल-चीन सीमा के पास Gyirong Border Port के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बनी एक झील अब ओवरफ्लो होने लगी है। चीन की सरकारी मीडिया CCTV के मुताबिक, शुक्रवार को झील का पानी किनारों से बाहर निकलना शुरू हो गया, जिसके बाद आसपास की नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है।
यह वही ग्लेशियर झील है, जिसे लेकर पिछले 24 घंटे से नेपाल और चीन दोनों देशों में चिंता बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही थी कि अगर प्राकृतिक मलबे से बनी यह झील अचानक टूट गई तो भारी मात्रा में पानी और मलबा नीचे की ओर बह सकता है।
ऐसी स्थिति में पहले से बाढ़ से प्रभावित इलाकों में एक और बड़ी तबाही आ सकती है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
झील से पानी बाहर निकलने की सूचना के बाद नेपाली सेना ने सुरक्षा कारणों से राहत और बचाव अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया है। सेना के एक अधिकारी के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे के लिए Rescue Operation रोककर प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय जिला प्रशासन ने भी पुष्टि की है कि झील के किनारे से पानी निकलने की जानकारी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, इसलिए नदी के आसपास मौजूद बचाव दल और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
चीनी सर्वे टीम के मुताबिक, इस ग्लेशियर झील में अब करीब 25 लाख क्यूबिक मीटर से ज्यादा पानी जमा हो चुका है। इससे पहले चीनी इंजीनियरिंग टीम ने झील में 15 से 20 लाख क्यूबिक मीटर पानी होने का अनुमान लगाया था।
कम समय में पानी की मात्रा में हुई इस तेज बढ़ोतरी ने चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों की नजर अब झील के जलस्तर और नदी के बहाव पर बनी हुई है।
नेपाल में हालिया बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। अब ग्लेशियर झील के ओवरफ्लो होने की घटना ने राहत और बचाव अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे के क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
Location : Nepal
Published : 28 August 2026, 1:08 PM IST
Topics : China Nepal Border Alert Glacial Lake Outburst Flood Gyirong Border Port Nepal Flood Update Nepal Glacier Lake Overflow
No related posts found.