मनीला में मोदी-ट्रंप गर्मजोशी से मिले: राष्ट्रपति ने पीएम को ‘सख्त इंसान’, कहा, ईरान को दी चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात हुई। बैठक में जापान की पीएम सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। ईरान, परमाणु हथियार, चीन और रूस को लेकर ट्रंप के रुख के बीच इस बैठक को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 4:47 PM IST

New Delhi: फिलीपींस की राजधानी मनीला में दुनिया के चार बड़े नेताओं की मुलाकात ने अंतरराष्ट्रीय सियासत में हलचल तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के दौरान गर्मजोशी देखने को मिली। दोनों नेता मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने आए। इस मौके पर जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद सख्त इंसान बताया और कहा कि उनके साथ उनके अच्छे संबंध हैं।

क्वाड की बैठक में चार देशों के नेता रहे मौजूद

मनीला में हुई इस बैठक को भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यह सितंबर 2024 के बाद क्वाड नेताओं की पहली बैठक है। इससे पहले भारत में 2025 में शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना थी, लेकिन कार्यक्रम तय नहीं हो पाया था। इस बार फिलीपींस में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान चारों नेताओं को एक साथ बातचीत का मौका मिला। क्वाड का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

पीएम मोदी की दिवंगत मां हीराबेन की याद में आंध्र प्रदेश के गुडीकल्लू गांव में बनेगा मंदिर, जानिये क्या होगी खासियत

ट्रंप ने पीएम मोदी के साथ रिश्तों का किया जिक्र

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की चर्चा भी इस मुलाकात के दौरान अहम रही। ट्रंप पहले भी कई मौकों पर पीएम मोदी की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने उन्हें सख्त और मजबूत नेतृत्व वाला व्यक्ति बताया है। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत पहले भी होती रही है।

परमाणु हथियार पर चेतावनी

ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रुख भी चर्चा में है। ट्रंप लगातार यह स्पष्ट करते रहे हैं कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। उनके मुताबिक, परमाणु हथियारों का प्रसार वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ट्रंप ने अपनी एशिया यात्रा से पहले भी ईरान और परमाणु निरस्त्रीकरण के मुद्दे पर चीन और रूस के नेताओं के साथ चर्चा करने की बात कही थी।

मिडटर्म चुनाव में झटका झेलने के बाद व्हाइट हाउस में ट्रंप का दिवाली समारोह, ओवल ऑफिस में पहुंचे भारतीय मूल के दिग्गज

चीन के साथ मतभेदों पर भी नजर

अमेरिकी राष्ट्रपति की इस एशिया यात्रा का अगला बड़ा पड़ाव चीन है। ट्रंप 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने, ईरान और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। ट्रंप ने चीन के साथ संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। उनका कहना है कि अमेरिका और चीन के बीच संबंध अच्छे हैं और दोनों देश अपने मतभेदों को सुलझाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

भारत के लिए क्यों अहम है यह मुलाकात?

मनीला में क्वाड नेताओं की यह बैठक भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसकी भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण है। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बेहतर तालमेल से समुद्री सुरक्षा, व्यापार, तकनीक और आर्थिक सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। इसके अलावा, ट्रंप की चीन यात्रा से ठीक पहले मोदी और अन्य क्वाड नेताओं के साथ यह बैठक अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में भी महत्वपूर्ण संदेश देती है।

Location :  New Delhi

Published :  17 November 2026, 4:47 PM IST