
मास्टरमाइंड महफूज आलम चढ़ा पुलिस के हत्थे
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में करोड़ों रुपये के फर्जी ट्रांजेक्शन और हवाला सिंडिकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। कानपुर पुलिस की कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड महफूज आलम उर्फ पप्पू छुरी को गिरफ्तार किया गया है। ब्लेड का कारोबार करने के चलते इलाके में वह “पप्पू छुरी” के नाम से मशहूर था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने परिजनों और परिचितों के नाम पर 16 बैंकों में 100 से ज्यादा खाते खुलवा रखे थे, जिनसे 3200 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए गए।
कानपुर पुलिस ने प्रेसवार्ता कर किया बड़ा खुलासा
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी गरीब और बेरोजगार लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल करता था। बाद में उन्हीं दस्तावेजों के जरिए फर्जी फर्म और बैंक खाते खोलकर हवाला कारोबार, स्लॉटर हाउस और जीएसटी फ्रॉड से जुड़े पैसों का लेनदेन किया जाता था। जांच में कुछ बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क के जरिए आरोपी को 3 से 5 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था।
रघुवीर लाल, पुलिस आयुक्त
पुलिस को आरोपी के पास से मंडी सचिव के नाम पर जारी तीन फर्जी एपीएमसी सर्टिफिकेट भी बरामद हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार फरवरी माह में श्याम नगर इलाके में हुई 24 लाख रुपये की संदिग्ध लूट की जांच के दौरान इस बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। मामले में आरोपी के साले महताब आलम और बेटे मासूम समेत पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
गेम खेलते-खेलते फंस गए लोग, ऑनलाइन ठगी गैंग का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस जांच में कई नाम आए सामने
वहीं ताहिर बक्स, रुस्तम, अलामा और जीएसटी अधिवक्ता फिरोज खान समेत कई अन्य नाम भी पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस कमिश्नर Raghuvir Lal ने बताया कि मामले की जांच ईडी, आयकर विभाग और आरबीआई समेत कई एजेंसियां कर रही हैं। साथ ही पुलिस टेरर फंडिंग एंगल से भी जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Location : kanpur
Published : 7 May 2026, 8:09 PM IST
Topics : crime news Kanpur News Latest News UP News