हिंदी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि ईरान अब परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे नहीं बढ़ेगा और इस पर सहमति भी जता चुका है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान ने अपने संवर्धित यूरेनियम को सौंपने के लिए भी हामी भर दी है।
मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हो, क्योंकि इससे वैश्विक सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। ट्रंप ने अपने बयान में कहा, “ईरान परमाणु हथियार नहीं रखने के लिए तैयार हो गया है। उन्होंने इस दिशा में सहमति दी है और अपने संवर्धित यूरेनियम को सौंपने के लिए भी हामी भर दी है।”
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच कई अहम समझौते होने वाले हैं और आने वाले समय में स्थिति “बहुत सकारात्मक” रह सकती है।
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अगर हालात अनुकूल रहे तो वे शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। ट्रंप ने संकेत दिया कि यदि यह समझौता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होता है, तो वह वहां जाने पर विचार कर सकते हैं। इस दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की मध्यस्थ के रूप में भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा, 'फील्ड मार्शल बेहतरीन रहे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी बहुत अच्छा काम किया है, इसलिए मैं जा सकता हूं। वे चाहते हैं कि मैं आऊं।'
अमेरिका का बड़ा फैसला: रूस और ईरान के तेल पर छूट खत्म, जानिये पूरा अपडेट
ईरान के साथ बातचीत पर ट्रंप ने कहा, हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। हमें संघर्ष विराम को बढ़ाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। ईरान सौदा करना चाहता है और हम भी बहुत अच्छे से उनके साथ बात कर रहे हैं। हम ये चाहते हैं कि उनके पास परमाणु हथियार न रहें और ये एक अहम मुद्दा है। आज ईरान उन बातों को मानने के लिए तैयार है, जिन्हें वे दो महीने पहले नहीं मान रहा था। ट्रंप ने कहा, स्टॉक मार्केट बेहतर स्थिति में है। तेल के दाम गिर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही ईरान के साथ समझौता कर लेंगे। ट्रंप ने ये भी चेतावनी दी कि अगर ईरान के साथ समझौता नहीं हो सका तो युद्ध जारी रहेगा।
Location : New Delhi
Published : 17 April 2026, 3:02 PM IST