जर्मनी के गुरुद्वारे में खूनी झड़प, 11 घायल; प्रबंधन विवाद ने लिया हिंसक रूप

जर्मनी के मोअर्स स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में प्रबंधन विवाद के चलते दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। चाकू और कृपाण से हमले में 11 लोग घायल हुए। हालात काबू करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 April 2026, 10:33 AM IST
google-preferred

Moers: जर्मनी के मोअर्स शहर के दुइसबर्ग इलाके में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। झड़प इतनी गंभीर थी कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा।

40 लोगों के बीच हुई मारपीट

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस झगड़े में करीब 40 लोग शामिल थे। देखते ही देखते बहस हिंसा में बदल गई और लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे। स्थिति को काबू में करने के लिए करीब 100 पुलिसकर्मियों और विशेष बल को मौके पर बुलाया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए इलाके में हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की गई।

धारदार हथियारों का हुआ इस्तेमाल

घटना के दौरान चाकू और कृपाण जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग गुरुद्वारे के अंदर ही एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। पगड़ियां हवा में उड़ती नजर आईं और लाठी-डंडों से भी जमकर मारपीट हुई।

जर्मनी जाकर राहुल गांधी ने मोदी और भाजपा पर किया हमला, कहा- इन्होंने सत्ता का गलत इस्तेमाल किया

प्रबंधन विवाद बना कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह विवाद गुरुद्वारे की प्रबंधन समिति और पैसों को लेकर चल रहे पुराने झगड़े से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि पुरानी और नई कमेटी के सदस्यों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। जब चुनाव हारने के बाद पुरानी कमेटी के सदस्य जबरन नियंत्रण लेने पहुंचे, तब यह विवाद हिंसा में बदल गया।

गोली चलने की अफवाह से मचा हड़कंप

घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की भी बात सामने आई, जिससे लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई। हालांकि बाद में पुलिस को मौके से कोई सक्रिय हथियारबंद हमलावर नहीं मिला, लेकिन कुछ कारतूस जरूर बरामद किए गए हैं। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

Viral Photo: अचानक वायरल हुई तस्वीर ने जर्मनी में बिना परमिट रह रहे युवक की पलट दी जिंदगी; जानिए कैसै?

भगदड़ में घायल हुए श्रद्धालु

हिंसा के दौरान गुरुद्वारे में मौजूद श्रद्धालु घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। कई लोग बिना जूते-चप्पल के ही बाहर निकलते नजर आए। इस भगदड़ में भी कई लोगों को चोटें आईं। ज्यादातर घायलों के सिर पर चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

Location :  Moers

Published :  21 April 2026, 10:33 AM IST

Advertisement