

हवाई सफर की ख्वाहिश रखने वाले मध्यमवर्गीय लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब जल्द ही कम किमत में कर सकेंगे हवाई जहाज से यात्रा। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट
इलेक्ट्रिक फ्लाइट (सोर्स-इंटरनेट)
न्यूयॉर्क: हवाई सफर की ख्वाहिश रखने वाले मध्यमवर्गीय लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब जल्द ही हवाई जहाज से यात्रा करना सपना नहीं, हकीकत बन सकता है और वो भी बेहद कम कीमत पर।
अमेरिका में दुनिया की पहली पैसेंजर इलेक्ट्रिक फ्लाइट की सफल टेस्टिंग की गई है। इस ऐतिहासिक उड़ान को बीटा टेक्नोलॉजीज नाम की कंपनी ने संचालित किया है। इस विमान ने न्यूयॉर्क के ईस्ट हैम्पटन से जॉन एफ. कैनेडी (JFK) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सफल उड़ान भरी।
केवल इतने डॉलर में पूरा हुआ सफर
बीटा टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और CEO काइल क्लार्क ने बताया कि यह फ्लाइट 100% इलेक्ट्रिक है और इसमें किसी भी प्रकार का पारंपरिक ईंधन इस्तेमाल नहीं हुआ।
टेस्टिंग के दौरान इस विमान ने केवल 35 मिनट में 70 समुद्री मील (लगभग 130 किमी) की दूरी तय की। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पूरे सफर में मात्र 8 डॉलर (करीब ₹700) का खर्च आया।
यह खर्च एक सामान्य हेलीकॉप्टर की तुलना में 20 गुना कम है, जो इसी दूरी के लिए करीब 160 डॉलर (₹13,000) तक का ईंधन खर्च करता है।
सस्ती हवाई यात्रा (सोर्स-इंटरनेट)
एक बार चार्ज पर 250 मील की दूरी तय
बीटा टेक्नोलॉजीज का यह इलेक्ट्रिक एयरक्राफ्ट एक बार चार्ज करने पर लगभग 250 समुद्री मील (करीब 460 किमी) तक उड़ान भर सकता है। यानी यह विमान छोटे शहरों और कस्बों को आपस में जोड़ने के लिए एक आदर्श विकल्प बन सकता है।
कंपनी का मानना है कि यह इलेक्ट्रिक फ्लाइट भविष्य में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन का सस्ता, शुद्ध और शांत विकल्प बन सकती है।
पर्यावरण को भी राहत
क्लार्क का कहना है कि यह फ्लाइट न सिर्फ सस्ती है, बल्कि शोर रहित और पर्यावरण के अनुकूल भी है। पारंपरिक विमानों के मुकाबले इसमें आवाज़ बहुत कम होती है, जिससे आवाज प्रदूषण भी नहीं होता।
जल्द मिल सकता है आधिकारिक प्रमाणन
बीटा टेक्नोलॉजीज को उम्मीद है कि वर्ष के अंत तक उन्हें यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से इस इलेक्ट्रिक विमान का ऑपरेशनल सर्टिफिकेट मिल जाएगा। एक बार यह मंजूरी मिल गई तो यह फ्लाइट व्यावसायिक रूप से यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा सकेगी।