अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में रविवार को एक बार फिर बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। फ्लोरिडा स्थित उनके आलीशान आशियाने मार-ए-लागो में एक हथियारबंद शख्स ने घुसपैठ की कोशिश की।

ट्रंप के रिसॉर्ट के पास घुसपैठ की कोशिश
New Delhi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में एक बार फिर बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। फ्लोरिडा स्थित उनके आलीशान आशियाने मार-ए-लागो में एक हथियारबंद शख्स ने घुसपैठ की कोशिश की। खतरे को भांपते हुए सीक्रेट सर्विस ने तुरंत मोर्चा संभाला और हमलावर को ढेर कर दिया। इस घटना से पूरे अमेरिका में सनसनी है।
मारे गए युवक की उम्र 20 साल थी, वह नॉर्थ कैरोलीना का रहने वाला था। फिलहाल उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है। घटना के वक्त राष्ट्रपति ट्रम्प वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस में मौजूद थे। आमतौर पर वह वीकेंड पर मार-ए-लागो में समय बिताते हैं।
IND vs SA T20 World Cup: साउथ अफ्रीका ने भारत को दी शिकस्त, 76 रनों से हराया
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रिसॉर्ट के नॉर्थ गेट से एक कार के बाहर निकल रही थी, इसी दौरान युवक ने अंदर घुसने की कोशिश की। उसके पास शॉटगन और फ्यूल कैन था।सीक्रेट सर्विस के दो एजेंट्स ने उसे रोका और उससे हथियार और कैन गिराने को कहा गया। युवक ने कैन तो रख दिया, लेकिन शॉटगन को गोली चलाने की पॉजीशन में उठा लिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रिजॉर्ट
इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने गोली चलाई और वह मारा गया। जांच में पता चला कि उसके परिवार ने कुछ दिन पहले उसे लापता होने की रिपोर्ट की थी। वह नॉर्थ कैरोलीना से साउथ की ओर आया था और रास्ते में शॉटगन खरीदा। उसकी कार में गन का डिब्बा मिला है।
इस हाई-प्रोफाइल घटना के बाद अमेरिका की तमाम शीर्ष एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी एफबीआई, यूएस सीक्रेट सर्विस और पाम बीच काउंटी शेरिफ ऑफिस ने बिना कोई देरी किए संयुक्त रूप से इस बेहद संवेदनशील मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच से जुड़े आला अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल घटना के कई अलग-अलग पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है। पड़ताल बहुत तेजी से जारी है।
डोनाल्ड ट्रंप की जान पर खतरे का यह कोई पहला मामला नहीं है। उन्हें अतीत में भी जान से मारने की कई धमकियां मिल चुकी हैं। 13 जुलाई 2024 में ट्रम्प को एक रैली के दौरान एक हमलावर ने गोली मार दी थी। उस वक्त वे राष्ट्रपति नहीं थे। उन पर यह हमला राष्ट्रपति चुनाव से ठीक 4 महीने पहले हुआ था।
सितंबर 2024 में वेस्ट पाम बीच के ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में भी उनकी हत्या की एक बड़ी कोशिश हुई थी। उस घटना के मुख्य आरोपी रयान रूथ को अदालत ने हाल ही में आजीवन कारावास की सख्त सजा सुनाई है, हालांकि उसने अदालत में अपने ऊपर लगे हत्या के इरादे के आरोपों से साफ इनकार किया था।