Asian Games 2026: गोल्ड मिशन के लिए टीम इंडिया तैयार, हरमनप्रीत कप्तान

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है। हरमनप्रीत कौर को फिर कप्तानी सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। जानिए पूरी टीम और सभी अपडेट।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 June 2026, 1:29 PM IST
google-preferred

New Delhi: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कप्तान हरमनप्रीत कौर पर भरोसा कायम रखा है। जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम की कप्तानी एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी।

19 सितंबर से शुरू होंगे एशियन गेम्स

एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत ने 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। एशियन गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाती है।

वर्ल्ड कप से बाहर फिर भी बरकरार रहा भरोसा

हाल ही में इंग्लैंड में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। टीम ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हार के कारण सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें एशियन गेम्स के लिए फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी।

यास्तिका भाटिया बाहर

एशियन गेम्स की टीम में वर्ल्ड कप स्क्वॉड से सिर्फ एक बदलाव किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को बाहर कर जी कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं चोट से उबर रही ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को भी टीम में जगह मिली है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।

बल्लेबाजी और गेंदबाजी की जिम्मेदारी

भारतीय बल्लेबाजी की कमान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष संभालेंगी। वहीं गेंदबाजी विभाग में दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और नंदिनी शर्मा से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

ओलंपिक के लिए कर चुकी है क्वालिफाई

हालांकि भारत टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में नहीं पहुंच सका, लेकिन टीम 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। भारतीय टीम टूर्नामेंट की सर्वोच्च रैंकिंग वाली एशियाई टीम रही, जिसके आधार पर उसे ओलंपिक का टिकट मिला।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदिनी शर्मा टीम में शामिल है।

Location :  New Delhi

Published :  30 June 2026, 1:00 PM IST

Advertisement