
अनिल अग्रवाल ने लंदन के ऐतिहासिक कला केंद्र को दी नई जिंदगी (Image Source: FB)
New Delhi: वेदांता ग्रूप के संस्थापक और चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने लंदन के ऐतिहासिक Riverside Studios को लेकर अपना विजन साझा किया है। टेम्स नदी के किनारे स्थित यह सांस्कृतिक केंद्र अब Anil Agarwal Riverside Studios के नाम से जाना जाता है। अग्रवाल का कहना है कि इस संस्थान के साथ जुड़ना भारतीय कला, संस्कृति और संगीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने का एक अवसर है।
फेसबुक पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्हें आज भी वह पल याद है, जब उन्होंने पहली बार लंदन में टेम्स नदी के किनारे इस ऐतिहासिक इमारत को देखा था। उनके मुताबिक, इस इमारत में करीब 100 वर्षों की कला, संगीत और रचनात्मकता की विरासत समाई हुई है।
Riverside Studios का इतिहास कई मशहूर कलाकारों और संस्थानों से जुड़ा रहा है। यहां द बीटल्स की रिकॉर्डिंग हुई थीं, जबकि डेविड बॉवी जैसे दिग्गज कलाकारों ने यहां प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा, बीबीसी ने भी इसी स्थान से दुनिया भर के दर्शकों तक समाचार पहुंचाए थे। अग्रवाल ने कहा कि जब यह संस्थान उन्हें सौंपा गया, तो उन्होंने इसे भारतीय कला को अंतरराष्ट्रीय मंच देने के एक बेहतरीन अवसर के रूप में देखा।
अनिल अग्रवाल के अनुसार, उनके लिए कारोबार का मतलब केवल व्यावसायिक गतिविधियां नहीं, बल्कि एक स्थायी विरासत तैयार करना और संस्थानों का निर्माण करना भी है। इसी सोच के तहत वह इस कला केंद्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए उपयोगी बनाना चाहते हैं।
एक ऐसा मंच, जहां समृद्ध कलात्मक विरासत और भविष्य की रचनात्मकता का संगम होता है (Image Source: FB)
उन्होंने इस पहल को भारत के 140 करोड़ लोगों और लंदन में रहने वाले करीब 20 लाख भारतीयों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका उद्देश्य भारतीय कला, संस्कृति और संगीत के माध्यम से लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर देना है।
इस पहल से भारतीय कलाकारों और सांस्कृतिक संगठनों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने का मंच मिल सकता है। साथ ही, इसके जरिए भारत और ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की संभावना है। अग्रवाल का मानना है कि इस तरह के मंच भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी कला प्रस्तुत करने के नए अवसर दे सकते हैं।
अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में बताया कि Riverside Studios अब अतीत की कलात्मक विरासत और भविष्य की रचनात्मकता के मिलन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्टूडियो में लगातार बढ़ती बुकिंग और शानदार प्रस्तुतियों ने इस ऐतिहासिक स्थान को फिर से जीवंत कर दिया है।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम या प्रस्तुति आयोजित करने के इच्छुक कलाकारों और आयोजकों को भी इस स्टूडियो से जुड़ने का आमंत्रण दिया है। इसके लिए इच्छुक लोग artists@riversidestudios.co.uk पर संपर्क कर सकते हैं।
अपनी पोस्ट के अंत में अग्रवाल ने कहा कि कभी-कभी किसी व्यक्ति का पहला कदम कई लोगों के सपनों को पंख दे सकता है। उनके मुताबिक, Riverside Studios से जुड़ने की सबसे बड़ी खुशी भी यही है कि इसके माध्यम से अनेक कलाकारों और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।
Location : London
Published : 5 November 2026, 9:45 PM IST