Priya Marathe Death: टीवी इंडस्ट्री ने खोया एक और चमकता सितारा, मराठी अभिनेत्री प्रिया मराठे का निधन

टीवी और मराठी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। कैंसर से जूझ रही प्रिया ने मुंबई में अंतिम सांस ली। प्रिया मराठे मराठी और हिंदी टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थीं। उनके आकस्मिक निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 31 August 2025, 11:44 AM IST
google-preferred

Mumbai: टीवी इंडस्ट्री से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। जानी-मानी अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। प्रिया मराठे मराठी और हिंदी टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थीं। उनके आकस्मिक निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

कैंसर से हार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया मराठे का मुंबई के मीरा रोड स्थित उनके घर पर निधन हो गया। कुछ साल पहले प्रिया को कैंसर हुआ था, जिससे वह काफी हद तक ठीक हो गई थीं। लेकिन हाल ही में उनकी तबीयत बिगड़ गई और कैंसर ने उनके शरीर को फिर से प्रभावित करना शुरू कर दिया। इलाज के दौरान शरीर ने दवाओं का असर करना बंद कर दिया और शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

टीवी शोज़ से मिली पहचान

प्रिया मराठे ने अपने करियर की शुरुआत मराठी इंडस्ट्री से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान मशहूर टीवी शो पवित्र रिश्ता से मिली। इस शो में उन्होंने वर्षा देशपांडे का किरदार निभाया था, जो एक नेगेटिव रोल था। दर्शकों ने उनके इस रोल को खूब सराहा और प्रिया टीवी पर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रहीं।

लंबे करियर में कई हिट शो

प्रिया मराठे ने कसम से, उतरन, बड़े अच्छे लगते हैं, सावधान इंडिया, भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप, भागे रे मन, साथ निभाना साथिया जैसे लोकप्रिय शोज़ में काम किया। इसके अलावा, उन्होंने चार दिवस सासुके और कॉमेडी सर्कस के सुपरस्टार्स जैसे मराठी और हिंदी शोज़ में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया। उन्हें टीवी की "वैम्प" भी कहा जाता था, क्योंकि उनके नेगेटिव रोल्स को दर्शकों ने खूब सराहा था।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Priya Marathe (@priyamarathe) 

फ़िल्मों में भी हाथ आजमाया

टीवी के अलावा, प्रिया ने फ़िल्मों में भी काम किया। उन्होंने साल 2008 में फ़िल्म "हमने जीना सीख लिया" से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद, 2017 में, वह मराठी फ़िल्म "ति आणि इतार" में नज़र आईं। हालाँकि, उन्हें फ़िल्मों में उतनी सफलता नहीं मिली जितनी टीवी इंडस्ट्री ने उन्हें दी।

आखिरी शो और सोशल मीडिया कनेक्शन

प्रिया आखिरी बार साल 2023 में मराठी शो "तुझेच मी गीत गात आहे" में नज़र आई थीं। एक्टिंग के साथ-साथ वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स थे। उन्होंने अपना आखिरी पोस्ट 11 अगस्त 2024 को शेयर किया था, जिसके बाद से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही।

निजी जीवन

निजी जीवन की बात करें तो प्रिया मराठे ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड और एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी। दोनों की जोड़ी मराठी इंडस्ट्री में काफी लोकप्रिय रही है। प्रिया और शांतनु को इंडस्ट्री में एक पावर कपल के तौर पर देखा जाता था।

इंडस्ट्री में शोक

प्रिया मराठे के निधन की खबर से उनके फैन्स, दोस्त और को-स्टार्स सदमे में हैं। कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। प्रिया का जाना टीवी और मराठी इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Location : 
  • Mumbai

Published : 
  • 31 August 2025, 11:44 AM IST