हिंदी
प्रिया मराठे निधन (Img: Instagram)
Mumbai: मनोरंजन उद्योग से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीवी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा और कॉमेडियन प्रिया मराठे का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले एक साल से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। 31 अगस्त 2025 को मुंबई स्थित अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके प्रशंसक भी गहरे सदमे में हैं।
प्रिया मराठे का जन्म 23 अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी मुंबई से ही पूरी की। कॉलेज खत्म करने के बाद प्रिया ने अभिनय जगत में कदम रखा और मराठी धारावाहिक ‘या सुखानोया’ और ‘चार दिवस सासुचे’ से अपने करियर की शुरुआत की। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने मराठी टेलीविजन इंडस्ट्री में पहचान बनाई।
प्रिया मराठे ने सिर्फ मराठी इंडस्ट्री तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि हिंदी धारावाहिकों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बालाजी टेलीफिल्म्स के लोकप्रिय शो ‘कसम से’ में विद्या बाली का किरदार निभाया। इसके बाद वह कॉमेडी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ के पहले सीजन में नजर आईं और अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया।
उनके करियर का अहम मोड़ तब आया जब उन्होंने ‘पवित्र रिश्ता’ में वर्शा देशपांडे का किरदार निभाया। इस शो में उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे जैसे सितारों के साथ काम किया। इसके अलावा उन्होंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में ज्योति मल्होत्रा का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
छोटे पर्दे पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने के बाद प्रिया ने फिल्मों का रुख किया। साल 2008 में वह हिंदी फिल्म ‘हमने जीना सीख लिया’ में नजर आईं। वहीं, साल 2017 में वह गोविंद निहलानी की मराठी फिल्म ‘ती आणि इतर’ में भी दिखाई दीं, जिसमें उनके साथ सोनाली कुलकर्णी और अमृता सुभाष जैसे कलाकार थे।
प्रिया मराठे ने साल 2012 में अभिनेता शांतनु मोगे से शादी की थी। दोनों की जोड़ी इंडस्ट्री में एक आदर्श कपल मानी जाती थी। प्रिया सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स थे। उनकी आखिरी पोस्ट अगस्त 2024 में आई थी।
महज 38 साल की उम्र में प्रिया मराठे का यूं दुनिया छोड़ देना इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। उनकी अभिनय प्रतिभा, गंभीर भूमिकाओं में सहजता और कॉमिक अंदाज ने उन्हें दर्शकों के दिलों में खास जगह दिलाई थी। आज उनका न होना टीवी और मराठी सिनेमा दोनों के लिए एक बड़ी कमी है।
Location : Mumbai
Published : 31 August 2025, 12:31 PM IST
No related posts found.