
शाहरुख खान ने घायल पायलट स्मित मच्छर को किया सलाम (Img: Dynamite News)
Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की तारीफ की है। इजराइल जाने वाली एक फ्लाइट में हुई गंभीर घटना के दौरान मच्छर के घायल होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनकी हिम्मत और ड्यूटी के प्रति समर्पण की सराहना की।
शाहरुख खान ने अपने X अकाउंट पर कैप्टन स्मित मच्छर को लेकर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब कैप्टन मजबूती से डटे रहे। अभिनेता ने मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए उनकी तारीफ की। शाहरुख ने अपने संदेश में कैप्टन के जल्द ठीक होने की कामना भी की। उन्होंने उनकी हिम्मत को एक कप्तान के कर्तव्य की मिसाल बताया और कहा कि देश को उन पर गर्व है।
ये भी पढ़ें- “पहली चिंता बेटे की सलामती थी”, फ्लाईदुबई कैप्टन स्मित के पिता ने बताया उस मुश्किल वक्त का हाल
शाहरुख खान से पहले सलमान खान ने भी सोशल मीडिया के जरिए कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ की थी। उन्होंने अपने संदेश में पायलट की हिम्मत को सलाम किया और उनके प्रदर्शन को शानदार बताया।दोनों बड़े बॉलीवुड सितारों की ओर से पायलट की तारीफ किए जाने के बाद स्मित मच्छर का नाम सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया।
कैप्टन स्मित मच्छर एक कमर्शियल पायलट हैं और फ्लाईदुबई के साथ काम करते हैं। वह फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी एक बेहद गंभीर घटना के बाद सुर्खियों में आए। बताया गया कि यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 174 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में एक गंभीर स्थिति पैदा हो गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कैप्टन मच्छर पर उनके को-पायलट ने हमला किया और वह इस दौरान घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- PM Modi से बात कर भावुक हुए कैप्टन स्मित, बताया- ‘हनुमान चालीस से मिली हिम्मत’
घटना के दौरान विमान के हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों को अंदर पहुंचने का मौका मिला और हमलावर को काबू किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद बैकअप पायलटों ने विमान की कमान संभाली। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक की ओर मोड़ा गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह अबू धाबी के एक अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
Location : Mumbai
Published : 3 October 2026, 3:09 PM IST