Oscar Awards 2026: 98th Academy Awards से पहले जानिए ऑस्कर के सबसे बड़े रिकॉर्ड, इन फिल्मों और कलाकारों का रहा दबदबा

98वें Academy Awards से पहले ऑस्कर इतिहास के कुछ चौंकाने वाले रिकॉर्ड फिर चर्चा में हैं। कौन सी फिल्में हैं जिन्होंने जीते सबसे ज्यादा अवॉर्ड? किस कलाकार ने बनाया अनोखा इतिहास? और किसके नाम है सबसे ज्यादा ऑस्कर ट्रॉफी का रिकॉर्ड—जानिए पूरी कहानी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 March 2026, 10:47 AM IST

New Delhi: मनोरंजन जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में गिने जाने वाले Academy Awards का 98वां संस्करण आज आयोजित होने जा रहा है। अमेरिका के लॉस एंजेलिस स्थित डॉल्बी थिएटर में होने वाले इस भव्य समारोह पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों, निर्देशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित करने वाले इस समारोह को लेकर हर साल दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिलता है।

ऑस्कर शुरू होने से पहले एक बार फिर उन फिल्मों और कलाकारों की चर्चा हो रही है, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित मंच पर सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।

सबसे ज्यादा ऑस्कर जीतने वाली फिल्में

ऑस्कर के इतिहास में सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड तीन फिल्मों के नाम दर्ज है। इन फिल्मों ने 11-11 ऑस्कर अवॉर्ड जीतकर एक संयुक्त रिकॉर्ड बनाया है।

सबसे पहले 1959 में रिलीज हुई फिल्म “Ben-Hur” ने यह कारनामा किया था। इसके बाद 1997 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म “Titanic” ने भी 11 ऑस्कर जीतकर इतिहास दोहराया। वहीं 2003 में रिलीज हुई “The Lord of the Rings: The Return of the King” ने भी 11 अवॉर्ड अपने नाम किए।

Oscars Academy Awards: ऑस्कर अवॉर्ड्स का आगाज, 23 मुख्य श्रेणियों में पुरस्कार पाने वालों की घोषणा

इन तीनों फिल्मों की भव्य कहानी, शानदार निर्देशन और तकनीकी उत्कृष्टता के कारण इन्हें ऑस्कर इतिहास की सबसे सफल फिल्मों में गिना जाता है।

कैथरीन हेपबर्न का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

ऑस्कर इतिहास में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के तौर पर सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री Katharine Hepburn के नाम है। उन्होंने अपने करीब छह दशक लंबे करियर में चार बार बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर अवॉर्ड जीता।

ऑस्कर 2026 (Img- Internet)

कैथरीन हेपबर्न को ये सम्मान ‘Morning Glory’, ‘Guess Who’s Coming to Dinner’, ‘The Lion in Winter’ और ‘On Golden Pond’ जैसी फिल्मों के लिए मिला। खास बात यह भी रही कि ‘The Lion in Winter’ के लिए मिला अवॉर्ड उस समय अभिनेत्री Barbra Streisand के साथ संयुक्त रूप से दिया गया था।

दिलचस्प तथ्य यह है कि ऑस्कर इतिहास में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बावजूद कैथरीन हेपबर्न ने कभी भी किसी पुरस्कार समारोह में शामिल होकर अपना अवॉर्ड स्वयं ग्रहण नहीं किया।

वॉल्ट डिज्नी के नाम सबसे ज्यादा ऑस्कर

ऑस्कर इतिहास में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड महान एनिमेटर और फिल्म निर्माता Walt Disney के नाम दर्ज है। डिज्नी ने एनीमेशन की दुनिया में क्रांति लाने के साथ-साथ कुल 22 अकादमी अवॉर्ड अपने नाम किए।

Oscars 2025: आस्कर में तहलका मचाने वाली फिल्म बनी ‘अनोरा’

इतना ही नहीं, उनके नाम सबसे ज्यादा ऑस्कर नॉमिनेशन का रिकॉर्ड भी है। उन्हें कुल 59 बार अकादमी अवॉर्ड्स के लिए नामांकित किया गया था। उनकी रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार ने एनीमेशन इंडस्ट्री को नई दिशा दी और आज भी उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

क्यों खास है ऑस्कर का इतिहास?

ऑस्कर अवॉर्ड्स केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि सिनेमा की उत्कृष्टता का प्रतीक माने जाते हैं। हर साल दुनिया भर के फिल्म निर्माता और कलाकार इस मंच पर सम्मान पाने का सपना देखते हैं। यही वजह है कि जिन फिल्मों और कलाकारों ने यहां रिकॉर्ड बनाए हैं, उनका नाम हमेशा के लिए सिनेमा के इतिहास में दर्ज हो जाता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 16 March 2026, 10:47 AM IST