
कॉफी विद करण को बंद करने का ऐलान (Img- Instagram)
Mumbai: भारतीय टेलीविजन और ओटीटी की दुनिया का सबसे चर्चित व विवादित टॉक शो 'कॉफी विद करण' (Koffee With Karan) अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने भावुक होते हुए 'कॉफी विद करण सीजन 9' का आधिकारिक प्रोमो जारी किया और इसके साथ ही फैंस को यह निराश करने वाली खबर दी कि यह इस शो का आखिरी सीजन होगा। जून 2004 में शुरू हुआ यह शो बीते 22 सालों से बॉलीवुड सेलेब्स की निजी जिंदगी, उनके रिश्तों और कई सनसनीखेज बयानों के चलते लगातार सुर्खियों में बना रहा है।
करण जौहर ने प्रोमो में अपने इस 22 साल लंबे सफर की पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि साल 2004 में जब उन्होंने अपने पिता यश जौहर के सामने एक टॉक शो होस्ट करने की इच्छा जताई थी, तब उनके पिता ने मजाक में पूछा था कि दोस्तों से बात करने के लिए उन्हें पैसे कौन देगा।
करण ने बताया कि उसी साल जून में उनके पिता का निधन हो गया और अगस्त में उन्होंने शो का पहला एपिसोड शूट किया था। 8 सीजन और 161 एपिसोड का सफर तय करने के बाद अब करण को लगता है कि हर बेहतरीन चीज का एक न एक दिन अंत होना तय है।
बिग बॉस के घर में छलका उदिति सिंह का दर्द, करण वाही से ब्रेकअप पर कही बड़ी बात
'कॉफी विद करण 9' का पहला एपिसोड बेहद खास और धमाकेदार होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीजन के पहले एपिसोड में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान सोलो गेस्ट के तौर पर काउच की शोभा बढ़ाएंगे। यह पहला मौका होगा जब सलमान खान इस शो में किसी पार्टनर या फैमिली मेंबर के बिना अकेले नजर आएंगे।
इससे पहले वह अपने पिता सलीम खान और भाइयों (अरबाज और सोहेल) के साथ शो पर आ चुके हैं। फैंस सलमान खान और करण जौहर के बीच की इस सोलो बातचीत को लेकर काफी उत्साहित हैं।
'कॉफी विद करण' ने भारतीय पॉप कल्चर को कई नए शब्द दिए हैं। कंगना रनौत द्वारा करण के सामने 'नेपोटिज्म' का मुद्दा उठाना हो या विक्की कौशल और कैटरीना कैफ का बॉन्ड, इस शो ने बॉलीवुड के कई बड़े समीकरण बनाए और बिगाड़े हैं।
Bigg Boss 20: आधी रात को काजी तौकीर ने मचाया हंगामा, दवाइयों को लेकर बिग बॉस से हुई बहस
भारी मन से शो को विदा कहते हुए करण जौहर ने फैंस से कहा, "ट्रोलिंग और कमेंट्स तो हमेशा की तरह होंगे, लेकिन मैं जानता हूं कि इस कॉफी कप के लिए लोगों में अब भी बहुत प्यार है। तो आइए, मेरे साथ कॉफी का यह आखिरी कप पीजिए।"
Location : Mumbai
Published : 30 September 2026, 4:07 PM IST