Ghaziabad News: पुलिस चौकी में चल रही थी दोनों पक्षों की बात, अचानक बाहर आया युवक और खुद को लगा ली आग

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन चौकी के बाहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के विवाद के बीच एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाकर युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 September 2026, 4:36 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन कॉलोनी में रहने वाले मोनू का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। बताया गया है कि विवाद पानी के काम से जुड़े कुछ लोगों के साथ था। बुधवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंच गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर मामले को समझने और बातचीत करने की कोशिश की।

अचानक चौकी से बाहर आया युवक

बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल ही रही थी, तभी मोनू अचानक गुस्से में चौकी से बाहर निकल आया। इसके बाद उसने खुद पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली। घटना के बाद चौकी के बाहर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गाजियाबाद से अगवा, बिहार में खौफनाक कैद: 5 दिनों तक नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, दास्तान सुन कांप उठेगी रूह

दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत

इस पूरे विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से खोड़ा पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस अब विवाद की मूल वजह और चौकी के बाहर हुई घटना समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र पुलिस को दिए हैं। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

चौकी के बाहर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

खतरे में CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद की जान, आधी रात को फिर हो गया कांड, अब दिल्ली के बाद गाजियाबाद पुलिस भी परेशान!

घटना के बाद पुलिस चौकी के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालने के बाद खुद को आग लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक के आसपास कुछ लोग भी नजर आ रहे हैं, जो मोबाइल फोन से घटना को रिकॉर्ड कर रहे थे। आग लगते ही मौके पर शोर-शराबा शुरू हो जाता है। इसके बाद पुलिसकर्मी चौकी से बाहर आते हैं और आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।

Location :  Ghaziabad

Published :  10 September 2026, 4:36 PM IST