Mainpuri News: पुलिस की एक तलाशी और सामने आया बड़ा राज, युवक के पास मिला तमंचा-कारतूस

मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक 22 वर्षीय युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 August 2026, 2:07 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औंछा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी ली गई तो उसके पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान सत्यम पुत्र जगवीर सिंह निवासी ग्राम भगवंतपुर थाना औंछा जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त 2026 को वांछित और संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में औंछा थाना पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि घिरोर-कुरावली मार्ग से ग्राम खेरिया होते हुए औंछा जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मदन से पहले सड़क के मोड़ के पास चेकिंग शुरू कर दी।

मैनपुरी में रात में घर से निकला था युवक? सुबह गांव के बाहर मिला शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस

315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान सत्यम के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद तमंचे और कारतूस को कब्जे में लेकर उनके संबंध में भी आवश्यक जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और वह इसे किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था।

‘साहब! हमें और हमारे परिवार को बचा लीजिए…’ मैनपुरी में दबंगों की धमकी से दहशत के साये में महिला

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी सत्यम के खिलाफ औंछा थाने में मुकदमा दर्ज किया है। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 171/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  21 August 2026, 2:07 PM IST