जॉर्डन से लौटते ही पत्नी से गाड़ी की मांग का आरोप, मारपीट के बाद जेवर ले जाने का दावा; पुलिस से निराश होकर कोर्ट पहुंची

महराजगंज के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज में गाड़ी की मांग को लेकर मारपीट और जेवर ले जाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि स्थानीय पुलिस से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, जिसके बाद उसने न्यायालय का रुख किया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 September 2026, 3:10 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव से घरेलू विवाद और दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। 31 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज में गाड़ी की मांग को लेकर मारपीट करने, घर से निकालने और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर ले जाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। अब महिला ने न्यायालय की शरण ली है।

2018 से जॉर्डन में रहने का दावा

पीड़िता सीमा के शिकायती पत्र के मुताबिक, उसका पति दीपू पुत्र सुभाष वर्ष 2018 से जॉर्डन में रहकर काम कर रहा था। महिला का आरोप है कि इस दौरान पति ने उसके और बच्चों के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त आर्थिक मदद नहीं की और उसकी खोज-खबर भी नहीं ली। ऐसे में वह गांव में मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण करती रही। शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को दीपू वापस घर आया।

महराजगंज में 17 वर्षीय किशोरी की मौत से हड़कंप, घर में फंदे से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

घर से निकालने और जेवर ले जाने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 31 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके पति दीपू, ससुर सुभाष, सास ज्ञानमती और ननद अंगूरी ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत में लात-घूंसों से पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। महिला के मुताबिक, इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके घर के बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर निकाल लिए गए। शिकायत में झुमका, नथिया, टीका, पाजेब और मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषणों का जिक्र किया गया है।

थाने से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत का दावा

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसने पुरन्दरपुर थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उसने मुख्यमंत्री के गोरखपुर स्थित कैंप कार्यालय में पहुंचकर शिकायत किए जाने की बात कही है। शिकायतकर्ता का दावा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर से स्थानीय पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हाथों में तख्तियां, सड़कों पर नारे और पुतला फूंकने की कोशिश; महराजगंज में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उतरी कांग्रेस

न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने की मांग

पति के विदेश चले जाने की आशंका और पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए सीमा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, फरेंदा, महराजगंज की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। महिला ने अदालत से विपक्षी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

थानाध्यक्ष बोले- जांच चल रही

इस मामले में डायनामाइट न्यूज ने पुरन्दरपुर थानाध्यक्ष से उनका पक्ष जानने की कोशिश की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में है और यह पति-पत्नी का पारिवारिक मामला है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  29 September 2026, 3:10 PM IST