Mainpuri: साहब, मेरी बेटी को फिर छीन ले गए दबंग… लाचार मां की चीख से कांपा SP दफ्तर

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को दोबारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। अब उसने पुलिस अधीक्षक से बेटी की बरामदगी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 July 2026, 4:14 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को दोबारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि इसी मामले में पहले भी मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस ने उसकी बेटी को बरामद कर उसे वापस सौंप दिया था। अब दोबारा हुई घटना के बाद उसने पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है।बेवर कस्बे के मोहल्ला ब्रह्मनान परिहार वाली गली निवासी अनीता देवी पत्नी मनोज कुमार ने SP को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 31 मार्च 2026 को उसकी नाबालिग बेटी तनु को बेवर निवासी अमित पुत्र सुनील कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

इस मामले में बेवर थाने में अपराध संख्या 219/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था और आरोपी अमित को भी गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय के आदेश के बाद किशोरी को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया था।

Mainpuri: हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, जानें केबिन में फंसे ड्राइवर की कैसे बची जान?

फिर से बेटी को ले जाने का आरोप

महिला का आरोप है कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11:50 बजे अमित अपने पिता सुनील के साथ मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचा। दोनों कथित रूप से उसकी बेटी को दोबारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। महिला ने बताया कि जब तक वह घर से बाहर निकली, तब तक दोनों आरोपी बेटी को लेकर जा चुके थे। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि जाते समय आरोपी ने तमंचा दिखाकर परिवार को धमकाया। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है।

थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप

महिला का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उसने बेवर थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उसे वापस भेज दिया। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और न्याय की मांग की। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से बेटी को जल्द सुरक्षित बरामद करने, आरोपियों अमित और उसके पिता सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  4 July 2026, 4:14 PM IST

Advertisement