मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई। पीड़िता के पिता ने बेटी पैदा होने को लेकर जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुरादाबाद का मझोला थाना
Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार इलाके में रविवार को एक महिला के गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। मामले में महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रविवार सुबह करीब 11 बजे महिला के झुलसने की सूचना मिली। दोपहर करीब दो बजे जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो ससुराल का घर बंद मिला और परिवार के सदस्य गायब थे। परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा खोला, जहां महिला झुलसी हालत में पड़ी हुई थी। इसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पीड़िता की पहचान 35 वर्षीय नीशू सक्सेना के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 15 साल पहले संभल जिले के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बेरनी निवासी चंद्रपाल की बेटी के रूप में मझोला के आदर्श नगर गली नंबर छह निवासी गौरव सक्सेना से हुई थी। गौरव सक्सेना पेशे से पेंटर बताया गया है।
मुरादाबाद में एआई का खौफनाक चेहरा, महिला की जिंदगी बनी नरक; फाइनेंस एजेंट ने रची खौफनाक साजिश
पीड़िता के पिता चंद्रपाल का आरोप है कि नीशू ने चार बेटियों को जन्म दिया था, जिनमें से एक बेटी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनका कहना है कि बेटा पैदा न होने को लेकर नीशू को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष की ओर से आए दिन ताने दिए जाते थे और इसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।
चंद्रपाल ने आरोप लगाया कि नीशू का पति गौरव सक्सेना कई बार यह धमकी दे चुका था कि वह उसकी हत्या कर दूसरी शादी कर लेगा। मायके वालों का कहना है कि इस तरह की धमकियों की जानकारी पहले भी परिवार को दी गई थी, लेकिन मामला घरेलू समझकर सुलझाने की कोशिश की जाती रही।
रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रपाल को आदर्श नगर से किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी को जला दिया गया है। सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ मुरादाबाद के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब दो बजे जब वे बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां कोई मौजूद नहीं था।
मुरादाबाद में खूंखार बीवी: 2 बच्चों की मां ने देवर के लिए उजाड़ दिया खुद का सुहाग, जानें पूरा मामला
पीड़िता के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जानबूझकर जलाया गया है। इसके बाद आरोपी पति और उसके परिजन नीशू को बाथरूम में बंद कर फरार हो गए। मायके पक्ष ने इस घटना को सुनियोजित साजिश करार दिया है।
परिजन नीशू को पहले टीएमयू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
एसपी सिटी मुरादाबाद कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति गौरव सक्सेना, सास रानी, ननद ऊषा, पूजा, चम्पा और अशोक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।