
Symbolic Photo (IMG: AI generated)
Bengaluru News: बेंगलुरु में प्रेम विवाह से नाराज परिवार द्वारा एक युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजस्थान से आए कुछ लोगों ने युवती को उसके घर से जबरन कार में बैठाया और वहां से भागने लगे। इसी दौरान युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख चालक ने तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी। इस दौरान कई वाहन और लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। बाद में भीड़ ने कार को रोककर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला 16 सितंबर 2026 की रात करीब आठ बजे अग्रहारा दासहल्ली इलाके का बताया जा रहा है। राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली 21 वर्षीय पूजा ने करीब नौ महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ 23 वर्षीय ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु में किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, युवती के परिवार वाले इस शादी से नाराज थे। आरोप है कि युवती को वापस ले जाने के लिए राजस्थान से चार लोग बेंगलुरु पहुंचे थे। उन्होंने कथित तौर पर पूजा के घर में प्रवेश किया और उसे जबरन हुंडई वेन्यू कार में बैठाकर वहां से निकल गए।
बताया जा रहा है कि कार में बैठाए जाने के बाद पूजा ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और दोपहिया वाहनों के साथ कार का पीछा करने लगे। इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ गए।
आरोप है कि भीड़ से बचने के दौरान चालक ने कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ाया। इस दौरान कार कई वाहनों और लोगों से टकराई। हादसे में छह लोग घायल हुए, जिनमें 9 और 12 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। 57 वर्षीय जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।
कार विजयनगर के होसाहल्ली के पास पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया और रोक दिया। इसके बाद युवती को कार से सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने राकेश, करण और अयान को गिरफ्तार किया है। वहीं कार चालक सद्दाम के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की योजना कैसे बनाई गई और घटना में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
Location : Bengaluru
Published : 17 September 2026, 2:18 PM IST