
बगहा से आई प्रेमिका के घर मौत की खबर (Img: Dynamite News)
West Champaran: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत बगहा में फेसबुक पर शुरू हुई एक दोस्ती कब प्रेम संबंध में बदल गई और कब मध्य प्रदेश का 23 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका के घर तक पहुंच गया, शायद उसके परिवार को भी इसकी पूरी जानकारी नहीं थी। लेकिन पश्चिमी चंपारण के बगहा में इसी रिश्ते का अंत अब एक ऐसी मौत के रूप में हुआ है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
डुमवलिया में शरद राठौर उर्फ शेखर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजन हत्या या आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के सुजलपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी शरद राठौर उर्फ शेखर के रूप में हुई है। उसके पिता लाढ़ सिंह राठौर ने बताया कि शरद रेस्टोरेंट में नूडल बनाने का काम करता था। वह नूडल बनाने में माहिर था और इसी काम से परिवार की मदद करता था।
ये भी पढ़ें - West Champaran: कहां है गौतम? कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, परिवार ने उठाई बड़ी मांग
पिता के मुताबिक, शरद पहले भी बगहा के डुमवलिया आया था। यहां वह करीब तीन महीने तक रुका और युवती के घर के निर्माण कार्य में भी हाथ बंटाया। परिवार को वह यही बताता था कि बाहर रहकर काम कर रहा है। पिता का आरोप है कि शरद अपनी कमाई का पैसा भी यहां भेजता था और उसी पैसे से घर का निर्माण कराया गया।
शरद के पिता का कहना है कि जब से उनका बेटा इस रिश्ते में पड़ा, तब से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। परिवार के लोग जब कुछ पूछते तो वह खुलकर जवाब नहीं देता था। शरद का मोबाइल फोन भी खराब था, इसलिए परिवार के पास उससे लगातार संपर्क बनाए रखने का कोई सीधा माध्यम नहीं था। इसी बीच मंगलवार को परिवार को फोन आया। कथित तौर पर युवती ने सूचना दी कि शरद ने जहर खा लिया है और उसकी मौत हो गई है। खबर मिलते ही परिवार के लोग मध्य प्रदेश से बगहा पहुंच गए। गुरुवार को शरद के भाई रोहित राठौर के साथ राहुल राठौर और पंकज राठौर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। परिवार के लिए यह सूचना इसलिए भी चौंकाने वाली थी, क्योंकि उनके मुताबिक शरद घर से उज्जैन जाकर महाकाल के दर्शन करने की बात कहकर निकला था। उसने इसके लिए पिता से पैसे भी मांगे थे और पिता ने उसे पैसे दिए थे। इसके बाद अचानक उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
पुलिस की जांच में प्रेम संबंध का पहलू भी अहम माना जा रहा है। बताया गया है कि शरद और युवती की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। युवती पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। वह अपने पहले पति से अलग रह रही थी। हालांकि, दोनों के बीच अलगाव की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यही वजह है कि अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं शरद डुमवलिया क्यों आया था? उसकी मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ? क्या उसने वास्तव में जहर खाया था या उसे जहर दिया गया? क्या मौत से पहले दोनों के बीच कोई विवाद हुआ था? इन सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।
ये भी पढ़ें - West Champaran: बुजुर्ग पर हमला करने वाला बाघ कुछ घंटों बाद मिला मृत, मौत की वजह जानने में जुटा वन विभाग
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल मामले में यूडी कांड दर्ज किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शरद के परिवार में उसके माता-पिता के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। उसके पिता बस में टिकट काटने का काम करते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। परिजन शव का अंतिम संस्कार बगहा में ही करने की बात कह रहे थे। फिलहाल शरद की मौत आत्महत्या थी या हत्या, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट ही इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने ला सकेगी।
Location : West Champaran
Published : 27 August 2026, 4:31 PM IST
Topics : Bagaha Bihar News crime news UP News West Champaran News