मैनपुरी के कुर्रा थाना परिसर से एक युवती को कार में बैठाकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती विरोध करती और खुद को जबरन ले जाए जाने की बात कहती सुनाई दे रही है।

मैनपुरी में हैवानियत का वीडियो वायरल
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के कुर्रा थाना परिसर से एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि यह घटना महिला दिवस के दिन की बताई जा रही है, जिस कारण मामले को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया और भी तेज हो गई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवती को कुछ लोग कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान युवती जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहती सुनाई दे रही है कि वह इन लोगों को नहीं जानती और उसे जबरदस्ती ले जाया जा रहा है। युवती यह भी कहती नजर आती है कि ये लोग उसे रास्ते में मार देंगे।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवती लगातार विरोध कर रही है और खुद को बचाने की कोशिश कर रही है। वह बार-बार यह कहती है कि वह उन लोगों को नहीं पहचानती और उनके साथ नहीं जाना चाहती। इसके बावजूद कुछ लोग उसे पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ पत्रकार एक पुलिसकर्मी से सवाल भी करते नजर आते हैं। उनसे पूछा जाता है कि यदि किसी युवती को इस तरह ले जाया जा रहा है तो वहां महिला कांस्टेबल क्यों मौजूद नहीं है। वीडियो में पुलिसकर्मी इस सवाल पर सिर झुकाए खड़ा दिखाई देता है।
|Video| Iran Israel War: इजराइल में फंसे मैनपुरी के 3 भाई, सुनिए परिवार की दर्दभरी दास्तान
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला रविवार शाम करीब छह बजे का है। घटना मैनपुरी जिले के कुर्रा थाना परिसर में हुई बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब युवती खुद इन लोगों के साथ जाने से मना कर रही थी और यह कह रही थी कि वह उन्हें नहीं जानती, तब थाना परिसर में मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया। कई लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि यदि युवती के साथ कोई अनहोनी हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती।
मामले को लेकर यह भी बताया जा रहा है कि कुर्रा थाना क्षेत्र का ही एक युवक करीब तीन दिन पहले राजस्थान के भीलवाड़ा से युवती को अपने साथ लेकर आया था। युवती की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे अपहरण की घटना बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामला कुछ और है।
मैनपुरी में युवक की संदिग्ध मौत से बवाल, परिजनों ने किया प्रदर्शन; जानें क्या है पूरा मामला
घटना के महिला दिवस के दिन सामने आने से यह मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन थाना परिसर में ही एक युवती के साथ इस तरह की स्थिति सामने आने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने सफाई भी दी है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह के अनुसार सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें युवती के अपहरण की बात कही जा रही थी। लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच की तो अलग तथ्य सामने आए। उन्होंने बताया कि राजस्थान में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में राजस्थान पुलिस यहां आई थी और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए युवती को अपने साथ लेकर गई है। पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई कानून के तहत की गई है।