
प्रतापगढ़ के हॉस्टल के पार्क में मिला एमबीबीएस छात्र का शव (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: सोनेलाल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार को पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक छात्र का शव केशव राय हॉस्टल के पार्क में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आधी रात को बलिया और पश्चिम बंगाल से प्रतापगढ़ पहुंचे परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीमें मामले की तफ्तीश में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान मिथिलेश कुमार (निवासी बलिया) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2024 बैच का छात्र था और प्रथम वर्ष में अनुत्तीर्ण होने के बाद सत्र 2025-26 के बैच में दोबारा पढ़ाई कर रहा था। रविवार सुबह उसका शव हॉस्टल के पार्क में मिलने से सनसनी फैल गई।
बलिया निवासी छात्र मिथिलेश कुमार की मौत से मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक कुमार और शहर कोतवाल सुभाष कुमार यादव ने घटनास्थल का मुआयना किया। छानबीन के दौरान पुलिस को कॉलेज की सातवीं मंजिल की छत से छात्र के दो मोबाइल फोन और उसका चश्मा बरामद हुआ है।
मिथिलेश हॉस्टल की पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 211 में अपने दो साथियों अजीत और दीपक सोनकर के साथ रहता था। रूममेट्स के मुताबिक, शनिवार रात करीब नौ बजे मिथिलेश बाहर चाय पीने गया था। वहां से लौटने के बाद उसने मैस में खाना खाया और फिर कमरे में सामान्य बातचीत करने के बाद सो गया था। देर रात वह कमरे से कब और कैसे निकला, इसकी भनक साथियों को भी नहीं लग सकी। पुलिस ने कमरे से छात्र का लैपटॉप और अन्य सामान जब्त कर लिया है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल (Img: Dynamite News)
घटना की खबर पाकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई और पिता ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े किए। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि हॉस्टल कैंपस में सेना के पूर्व जवानों (एक्स-मैन) सहित दर्जनों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो गई। परिजनों का दावा है कि हॉस्टल परिसर के सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए हैं, जो किसी गहरी साजिश और हत्या की ओर इशारा करते हैं।
Pratapgarh: मकान में रखे पटाखों में जोरदार धमाका, दो महिलाएं गंभीर घायल; पिता-पुत्र गिरफ्तार
भाई ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे ही उसकी मिथिलेश से फोन पर बात हुई थी। तब उसने सब कुछ सामान्य बताया था और दो दिन बाद घर आने का वादा किया था। परिजनों ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और भारी पुलिस बल पोस्टमार्टम हाउस पर मुस्तैद रहा। एएसपी आलोक कुमार का कहना है कि पुलिस हॉस्टल के आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। छात्र की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से तफ्तीश कर रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 26 October 2026, 12:48 PM IST