
मैनपुरी में दंगल के दौरान खूनी खेल (Img: Dynamite News)
Mainpuri: कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम मिढ़ावली में रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित दंगल कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दंगल देखने पहुंचे 32 वर्षीय राज चौहान को कुछ युवकों ने रास्ते में घेरकर तमंचे से गोली मार दी। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और गोली युवक की कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।
मिढ़ावली गांव में रक्षाबंधन के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी दंगल का आयोजन किया गया था। गांव के ही शशिकांत चौहान के खेत में आयोजित दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। गांव निवासी 32 वर्षीय राज चौहान पुत्र शैलेंद्र सिंह भी दंगल देखने गया था।
ये भी पढ़ें - Mainpuri News: पुलिस की एक तलाशी और सामने आया बड़ा राज, युवक के पास मिला तमंचा-कारतूस
बताया गया कि दंगल चलने के दौरान राज चौहान वहां से हटकर जा रहा था। इसी दौरान दंगल मैदान से करीब 200 मीटर दूर सड़क के पास हर्षित उर्फ अनेश चौहान, राहुल पुत्र नरेश और उनके अन्य साथी पहुंच गए। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राज चौहान को निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक की कमर को छूते हुए निकल गई। हमले में युवक बाल-बाल बच गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही दंगल स्थल के आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह, इंस्पेक्टर ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घायल राज चौहान का मेडिकल कराया है। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश की वजह क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे।
ये भी पढ़ें - Mainpuri News: ‘पूजा में मत आना’… विरोध के बाद मारपीट का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से मांगा इंसाफ
सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वह स्वयं थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गांव में दंगल का कार्यक्रम चल रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Mainpuri
Published : 29 August 2026, 12:54 PM IST