
भोगांव पुलिस की सुस्ती पर भड़का पीड़ित (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी जनपद के थाना भोंगाव क्षेत्र में पैसों के विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, थाना भोंगाव क्षेत्र के ग्राम रूई निवासी रंजीत ने आरोप लगाया है कि पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान आदित्य जोशी और पंकज नामक व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि दोनों आरोपियों ने उसे कथित रूप से जमकर पीटा, जिससे उसे चोटें आईं।
रंजीत के अनुसार, घटना के बाद उसने थाना भोंगाव पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि उसका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इससे निराश होकर उसने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने का निर्णय लिया।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) से की और पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराया। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 20 June 2026, 4:15 PM IST
Topics : crime news mainpuri money dispute violence UP News