मायके से लौटते ही पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़, पति का शव देख हुई बेहोश, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के छताई गांव में बृजेश कुमार गौड़ नामक युवक का शव उनके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मौके से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसे जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 July 2026, 12:35 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के छताई गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक

जानकारी के मुताबिक, छताई गांव निवासी बृजेश कुमार गौड़ शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए। जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां बृजेश का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी

सुसाइड नोट बना जांच का अहम हिस्सा

घटनास्थल से पुलिस को मृतक के हाथ में एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने नोट को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए अपने कब्जे में ले लिया है, लेकिन उसमें क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। इसी वजह से घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

परिवार में मातम, गांव में शोक

घटना की खबर मिलते ही मायके में रह रही मृतक की पत्नी घर पहुंची। पति का शव देखकर वह बेहोश हो गई। बृजेश दो बच्चों के पिता थे और पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

क्या बोले अधिकारी और ग्रामीण

ग्राम प्रधान रमेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और दरवाजा खुलवाने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। वहीं, एसएसआई रामदयाल यादव ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 July 2026, 12:35 PM IST