
बरेली में 22 वर्षीय युवती ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान (Img: Dynamite News)
Bareilly: बरेली सदर कैंट क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियों और लोगों के व्यवहार से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित एलए अपार्टमेंट निवासी अर्चना पंकज ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी 22 वर्षीय भतीजी अंशिका सिंह उर्फ कुकी ने दोपहर करीब तीन बजे सदर कैंट स्थित घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर अंशिका के चाचा मोहित कुमार ने उसे फंदे से नीचे उतारा। परिजन तत्काल उसे कैंट बोर्ड अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद बेहतर उपचार की उम्मीद में दो निजी अस्पतालों में भी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस सदर कैंट स्थित घर ले आए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें युवती ने अपनी मानसिक परेशानी और कई परिस्थितियों का जिक्र किया है। सीओ आशुतोष शिवम के अनुसार, सुसाइड नोट में अंशिका ने लिखा, ‘चाचा और मम्मी मुझे माफ कर देना, मैं अच्छी बेटी नहीं बन सकी।’ युवती ने अपने और परिवार के बीच जेनरेशन गैप का भी उल्लेख किया है। नोट में उसने लिखा कि वह किसी से बातचीत करती थी तो लोग उसे अलग नजरिए से देखते थे। उसने पड़ोस की एक युवती का भी जिक्र किया है। अंशिका के अनुसार, वह युवती दूसरों से कहती थी कि जो अंशिका से बात करेगा, वह उससे बातचीत नहीं करेगी। पुलिस इन बातों की सत्यता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंशिका के पिता सत्येंद्र सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात थे। करीब दो वर्ष पहले उनका निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद अंशिका की मां को आईटीबीपी में नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह दिल्ली में कार्यरत हैं। अंशिका सदर कैंट क्षेत्र में अपने चाचा और बुआ के साथ रह रही थी। उसकी छोटी बहन लखनऊ में पढ़ाई कर रही है, जबकि भाई विशाखापत्तनम में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। घटना के समय मां दिल्ली में थीं। पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने के बाद वह बरेली के लिए रवाना हो गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। सुसाइड नोट बरामद होने पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट में लिखी बातों की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। युवती किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और उसकी परेशानी के पीछे क्या कारण थे, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Location : Bareilly
Published : 5 November 2026, 7:38 PM IST