
पत्नी की मौत के बाद पति का आत्मघाती कदम (Image Source: Pinterest)
Unnao: उन्नाव जिले के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के दांदामऊ गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पांच दिन पहले ससुराल आई साधना (38) का शव मंगलवार रात कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका के पति शैलेंद्र पांडेय (40) भारतीय सेना में सूबेदार थे और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, घटना से कुछ देर पहले साधना की अपने पति से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद वह कमरे में चली गईं, जहां बाद में उनका शव मिला।
पत्नी की मौत की खबर जब पानागढ़ में तैनात सूबेदार शैलेंद्र को मिली, तो वह गहरे सदमे में चले गए। उधर मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाने शुरू कर दिए। इन आरोपों और पत्नी के जाने के गम से आहत होकर सूबेदार शैलेंद्र ने भी बुधवार सुबह करीब पांच बजे पश्चिम बंगाल में बैरक के भीतर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। एक ही परिवार में दो मौतों से कोहराम मच गया।
साधना की मौत के बाद मौके पर पहुंचे उनके भाई अनुज मिश्र ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनुज का कहना है कि जब वे पहुंचे तो शव को बर्फ पर रखा गया था और पुलिस को सूचना तक नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शैलेंद्र के घर वाले उसकी दूसरी शादी कराना चाहते थे, इसलिए साधना की गला दबाकर हत्या की गई। इस बीच, मृतका की 7 वर्षीय बेटी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने दादा, दादी और बुआ पर मां का गला दबाने का आरोप लगा रही है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी की निगरानी में साधना के शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें शुरुआती तौर पर 'हैंगिंग' (फांसी) की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद की बात सामने आई है।
इस दोहरे सुसाइड/हत्या के मामले ने दो मासूम बच्चों (7 साल की बेटी और 5 साल के बेटे) को अनाथ कर दिया है। बच्चों के मामा उन्हें अपने साथ कानपुर ले गए हैं और उन्होंने ही बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी ली है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
Location : Unnao
Published : 18 June 2026, 10:23 AM IST