Atiq Ahmed: सत्ता के गलियारों से जरायम की दुनिया तक… चंद महीनों में कैसे खत्म हुआ अतीक का साम्राज्य

प्रयागराज में कभी खौफ का दूसरा नाम रहे गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद के अंत के बाद भी उनके परिवार पर मुसीबतों का दौर जारी है। 17 की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले बाहुबली सांसद अतीक का साम्राज्य अब पूरी तरह ढह चुका है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 6 August 2026, 4:39 PM IST

Lucknow: प्रयागराज में कभी जिस अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के नाम से लोग खौफ खाते थे, आज उसी परिवार का अस्तित्व लगातार सिमटता जा रहा है। गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद की मौत के बाद उसके परिवार पर मुसीबतों का सिलसिला थमा नहीं। अब इस कड़ी में सबसे छोटा बेटा अबान अहमद (Aban Ahmad) भी झांसी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब वह अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहे थे।

17 साल की उम्र में अपराध की राह

अतीक अहमद का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ था, उनके पिता, हाजी फिरोज, घोड़ा-गाड़ी (टोंगा) चलाते थे। कम उम्र में ही स्कूल छोड़ने के बाद अतीक अपराध की दुनिया में उतर गए। महज 17 साल की उम्र में उन पर हत्या का पहला आरोप लगा और उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

ये भी पढ़ें - DN Exclusive: अतीक अहमद के नक्शेकदम पर चलना चाहता था बेटा अबान, पढ़ाई के लिए आया था नोएडा, आलीशान कोठी बनी गैंगस्टरों का अड्डा

धीरे-धीरे वह प्रयागराज के आपराधिक अंडरवर्ल्ड में एक अहम चेहरा बन गए। हत्या, रंगदारी, जमीन हड़पने और अपहरण जैसे कई मामलों में उनका नाम सामने आया, और वह पूरे इलाके में दहशत का पर्याय बन गए।

बाहुबली से सांसद तक का सफर

अपनी आपराधिक गतिविधियों के साथ-साथ अतीक ने राजनीति में भी अपनी मजबूत पकड़ बना ली। वह पहली बार 1989 में विधायक बने और कई बार विधानसभा के लिए चुने गए। बाद में वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर फूलपुर से सांसद (MP) चुने गए। हालांकि, सक्रिय राजनीतिक करियर के बावजूद उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या बढ़ती ही गई।

उमेश पाल हत्याकांड बना टर्निंग प्वाइंट

प्रयागराज में वकील उमेश पाल की 2023 में हुई हत्या के बाद, अतीक अहमद और उनके नेटवर्क पर शिकंजा तेज़ी से कसने लगा। उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की जिससे उनका पूरा गैंग काफी कमजोर हो गया।

ये भी पढ़ें - Aban Ahmad Accident: झांसी हादसे में अतीक अहमद के बेटे संग 2 की मौत, 3 गंभीर, जानिए कैसे हुआ यह भीषण हादसा

इसी ऑपरेशन के दौरान, झांसी में एक एनकाउंटर में अतीक के बेटे, असद अहमद, की मौत हो गई। इसके कुछ ही दिनों बाद पुलिस कस्टडी में अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तब से परिवार लगातार मुश्किलों से घिरा हुआ है।

कैसे हुई अतीक अहमद की मौत?

15 अप्रैल 2023 की रात को अतीक अहमद की पेशी के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में प्रयागराज के एक मेडिकल अस्पताल में मेडिकल जांच कि लिए ले जाया जा रहा था, तभी तीन हमलावर ने मीडियाकर्मी बनकर गोलीबारी शुरू की। इस गोलीबारी में अतीक अहमद की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हमलावरों को हिरासत में ले लिया था

अबान की मौत से परिवार पर एक और बड़ा झटका

हाल ही में हुई एक दुखद घटना में, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे, अबान अहमद, की झांसी हाईवे पर कार दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, जो झांसी जेल में बंद है। उनकी तेज रफ्तार कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, अबान और उसके साथी सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अब परिवार में कौन-कौन है बचा?

अतीक अहमद के परिवार की स्थिति पूरी तरह बदल गई है। खबरों के मुताबिक, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार है। उसका सबसे बड़ा बेटा उमर जेल में है, और उसका दूसरा बेटा अली अहमद भी (झांसी जेल में) बंद है। उसका तीसरा बेटा असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था, और अब उसके सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। परिवार के अन्य सदस्य भी कानूनी लड़ाइयों और कई तरह की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - यूपी के डॉन रहे अतीक अहमद के परिवार को एक और झटका, छोटे बेटे की दर्दनाक मौत

खौफ के साम्राज्य का अंत

अतीक अहमद का साम्राज्य जिसका कभी भारी दौलत, राजनीतिक रसूख और हथियारों से लैस नेटवर्क के दम पर दबदबा था कुछ ही सालों में पूरी तरह ढह गया है। घटनाओं का एक सिलसिला जिसकी शुरुआत एनकाउंटर से हुई, फिर हत्या हुई, और अब सड़क दुर्घटना में बेटे की मौत परिवार की कहानी को ऐसे मोड़ पर ले आया है कि जो नाम कभी आतंक का पर्याय था, वह अब लगातार हो रही त्रासदियों की वजह से सुर्खियों में है।

Location :  Lucknow

Published :  6 August 2026, 2:58 PM IST