
प्रतीकात्मक छवि (Img: Google)
Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपनी बहन (साली) और उनके प्रेमियों के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मझोला थाना क्षेत्र के कुंदनपुर में हुई इस वारदात को पहले आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपियों की क्रूर साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
मुरादाबाद के कुंदनपुर में रहने वाले 30 वर्षीय फर्मकर्मी पवन कुमार ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शनिवार सुबह पवन की पत्नी आंचल ने परिजनों को फोन कर बताया कि पवन ने कुछ खा लिया है और वे बोल नहीं रहे हैं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शुरुआत से ही आंचल की बातों पर शक था, इसलिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पवन को जबरन जहर देने से पहले बेरहमी से बिजली के करंट लगाए गए थे, जिसके निशान उसके शरीर पर जगह-जगह मौजूद थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह पूरी वारदात अवैध संबंधों के कारण अंजाम दी गई। मृतका आंचल का पिछले दो साल से पवन के चचेरे भाई के बेटे अंकित से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब छह महीने पहले पवन को इस बात की जानकारी हुई थी, जिसके बाद उसने दोनों के साथ मारपीट भी की थी। इसके बावजूद आंचल और अंकित का मिलना-जुलना जारी रहा। रास्ते से हटाने के लिए आंचल ने अपनी बहन शिखा और शिखा के प्रेमी अजय दिवाकर (निवासी जयंतीपुर) के साथ मिलकर पवन की हत्या की खौफनाक योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आंचल करीब 15 दिन पहले अपने मायके गई थी, जहां दोनों बहनों ने इस हत्याकांड की पूरी रूपरेखा तैयार की थी। गुरुवार को आंचल अपनी बहन शिखा के साथ वापस कुंदनपुर आई। शुक्रवार शाम जब पवन काम से घर लौटा, तो पत्नी ने उससे विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों बहनों ने पवन को घर में ही बंधक बना लिया और अपने-अपने प्रेमियों (अंकित और अजय) को घर बुला लिया। चारों ने मिलकर रातभर पवन को बिजली के करंट लगाए और बाद में उसे जबरन जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।
Maharajganj News: जंगल में फैली बदबू ने खोला राज, अंदर का मंजर देख दहल गए वनकर्मी
पवन की हत्या करने के बाद चारों आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए एक झूठी कहानी रची। आंचल ने पवन के भाई देवेंद्र (जो बिजली विभाग में लाइनमैन हैं) और बहनों को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद आंचल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बहनों और उनके दोनों प्रेमियों समेत चारों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Moradabar
Published : 24 May 2026, 3:47 PM IST