‘दूसरे से करती थी बात’-पति! पुल पर बाइक का ब्रेक, और गंगा में झोंक दी पत्नी; खौफनाक वारदात के बाद हैवान पति का कुबूलनामा

मायके से पत्नी को बाइक पर लेकर घर लौट रहा था पति, लेकिन गंगा पुल पर अचानक बाइक रोक दी। कुछ देर बाद उसने मां को फोन कर बताया कि पत्नी नदी में कूद गई है। मायके वालों के पहुंचने पर कहानी पर सवाल उठे और पुलिस पूछताछ में पति के बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 11:45 AM IST

Unnao: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में वैवाहिक विवाद के बाद एक युवक पर अपनी पत्नी को गंगा नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक पत्नी को उसके मायके से लेकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ और गंगा नदी के पुल पर युवक ने बाइक रोक दी। आरोप है कि इसके बाद उसने पत्नी को उठाकर नदी में फेंक दिया।

पहले पत्नी के खुद कूदने की दी सूचना

घटना के बाद युवक ने अपनी मां को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी ऊषा ने गंगा नदी में छलांग लगा दी है। मां ने इसकी जानकारी ऊषा के पिता विनोद और अन्य परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मायके के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और युवक पर ही पत्नी को नदी में धकेलने का आरोप लगाया।

पुलिस पूछताछ में बदला बयान

शुरुआत में सुजीत पत्नी के खुद नदी में कूदने की बात कहता रहा। हालांकि, पुलिस की पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी को नदी में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं, गंगा में गिरी महिला की तलाश की जा रही है।

Unnao Power Crisis: आंधी-बारिश के बाद ठप हुई बिजली, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

साढ़ू को देखने मायके गया था दंपती

कानपुर नगर के बिठूर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी सुजीत राजपूत (21) शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी ऊषा (19) के साथ सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मरौंदा मंझवारा गांव स्थित उसके मायके पहुंचा था। वहां फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सहिलापुर गांव निवासी उसके साढ़ू मोनू राजपूत के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिलने पर दोनों उसे देखने गए थे।

शाम को बाइक से निकले थे दोनों

परिजनों के मुताबिक, शाम करीब छह बजे सुजीत पत्नी ऊषा को लेकर बाइक से घर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद गंगा नदी के पुल पर उसने बाइक रोक दी। आरोप है कि यहीं उसने पत्नी को नदी में फेंक दिया और वहां से चला गया।

दूसरे युवक से बातचीत का था शक

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था कि वह मायके में रहने वाले एक युवक से बातचीत करती थी। उसका कहना है कि बुधवार रात भी ऊषा काफी देर तक फोन पर बात कर रही थी। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी के मुताबिक, पत्नी काफी जिद करने के बाद शुक्रवार को उसके साथ मायके आई थी।

बाजार जाने के बाद देर से लौटी थी पत्नी

सुजीत ने पुलिस को यह भी बताया कि मायके पहुंचने के कुछ समय बाद ऊषा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह काफी देर बाद वापस लौटी थी। इन घटनाओं को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Unnao News: दवा लेने निकले थे दो मौसेरे भाई, रास्ते में डंपर ने छीन ली दोनों की जिंदगी; दो परिवारों के इकलौते चिराग बुझ गए

दो साल पहले हुई थी शादी

ऊषा के पिता विनोद ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब दो साल पहले सुजीत से हुई थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं है। पिता के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता रहता था।

अंधेरा होने से रोकनी पड़ी नदी में तलाश

सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि मायके वालों ने सुजीत पर ऊषा को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है और आरोपी ने भी घटना स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस को तहरीर मिलने के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंधेरा होने के कारण गोताखोरों को नदी में महिला की तलाश रोकनी पड़ी। अब मोटर बोट की व्यवस्था कर सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

महिला की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि ऊषा की तलाश गंगा नदी में जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बरामद होने और जांच के आगे बढ़ने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

Location :  Unnao

Published :  5 September 2026, 11:45 AM IST