
नहर में डूबे दो किशोर (img: Internet)
Kasganj: कासगंज जिले में ततारपुर बांध के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नहर के गहरे कुंड में डूबने से दो किशोर बच्चों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चे नहर में मछली पकड़ने के लिए उतरे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना ततारपुर बांध के पास स्थित नहर में हुई। बताया जा रहा है कि यहां नहर में करीब 15 से 20 फीट गहरा कुंड बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी कि नहर में दो बच्चों के शव पानी में दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शवों को बाहर निकलवाया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे संभवतः मछली पकड़ने के लिए नहर के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा बच्चा भी पानी में कूद गया, लेकिन तेज गहराई के कारण दोनों ही संभल नहीं पाए और पानी में डूब गए।
कासगंज में बरपा प्रकृति का कहर, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 3 बच्चे गंभीर; जानिये कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों के शव करीब दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। जांच के दौरान दोनों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में शुरुआती तौर पर मौत का कारण डूबना माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल से पुलिस को कुछ अहम चीजें मिली हैं। बड़े बच्चे के दाहिने हाथ में मछली पकड़ने का कांटा मिला है। इसके अलावा पास से हरे रंग की स्ट्रिंग कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी बरामद हुई है। इन चीजों से पुलिस को भी अंदेशा है कि दोनों बच्चे मछली पकड़ने के लिए वहां पहुंचे होंगे।
कासगंज पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 इंस्पेक्टरों का हुआ तबादला
फिलहाल पुलिस दोनों बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के मुताबिक बड़े बच्चे की उम्र करीब 16 वर्ष है। उसका रंग सांवला बताया जा रहा है। उसने काली-सफेद चेक वाली शर्ट और बेल्ट लगी काली जींस पहन रखी थी। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला है। इसके अलावा उसके कान में पीले रंग की धातु की बाली भी मिली है। वहीं दूसरे बच्चे की उम्र करीब 12 वर्ष बताई जा रही है। उसने हरे रंग की पूरी आस्तीन वाली शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी।
Location : Kasganj
Published : 19 June 2026, 3:26 PM IST