जिस घर में गूंजनी थीं शादी की शहनाइयां, वहां पसरा मातम; रोटावेटर ने छीन ली 22 साल के युवक की जिंदगी

महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला बरगदवा गांव में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से 22 वर्षीय गुड्डू की मौत हो गई। मृतक की बहन की नवंबर में शादी होनी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 October 2026, 3:21 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में गुरुवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लिए यह दुखद घटना ऐसे समय हुई है, जब मृतक की बहन की शादी नवंबर में होनी है।

खेत में जुताई के दौरान हुआ हादसा

यह घटना महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला बरगदवा गांव की है। मृतक की पहचान गुड्डू पुत्र झीनक के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:45 बजे खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान गुड्डू ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की जान चली गई।

खाद के साथ नैनो यूरिया खरीदने का दबाव? महराजगंज में किसान दिवस पर फूटा किसानों का गुस्सा, अधिकारियों के सामने उठे बड़े सवाल

बहन की नवंबर में होनी है शादी

गुड्डू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि मृतक की बहन की शादी नवंबर महीने में होनी है। घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल होना था, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद भगवानपुर टोला बरगदवा गांव में भी शोक का माहौल है। युवक की असमय मौत से ग्रामीणों में दुख व्याप्त है।

पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्रवाई

घटना की सूचना मृतक के चचेरे भाई शिवशंकर पुत्र भागीरथी ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुरंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

खाना लेकर छत पर पहुंची रिश्तेदार की बेटी और उड़ गए होश! महराजगंज में 12 साल के किशोर की मौत से सहमा हर दिल

नायब तहसीलदार ने परिजनों से की मुलाकात

हादसे की जानकारी मिलने पर नौतनवां के नायब तहसीलदार सुदेव पटेल भी घटनास्थल और मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। नायब तहसीलदार ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  22 October 2026, 3:21 PM IST