तमिलनाडु एक्सप्रेस सूटकेस मर्डर केस: चेन्नई के किराए के मकान तक पहुंची पुलिस, हत्या के बाद किए गए थे महिला के टुकड़े

तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में लाल रंग के सूटकेस के अंदर मिली सिरकटी महिला की लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगरा रेलवे पुलिस और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त जांच में इस खौफनाक हत्याकांड के तार चेन्नई के पास गुडुवनचेरी स्थित एक किराए के मकान से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 August 2026, 3:49 PM IST

Chennai: तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में लाल रंग के सूटकेस के अंदर मिली सिरकटी महिला की लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगरा रेलवे पुलिस और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त जांच में इस खौफनाक हत्याकांड के तार चेन्नई के पास गुडुवनचेरी स्थित एक किराए के मकान से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

पुलिस को शक है कि महिला की हत्या के बाद शव के टुकड़े उसी मकान में किए गए थे और फिर सूटकेस में भरकर ट्रेन में रखा गया।

6 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस में मिला था शव

यह सनसनीखेज मामला 6 अगस्त का है। चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस जब आगरा स्टेशन पहुंची, तो जनरल कोच से तेज दुर्गंध आने पर यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।

जांच के दौरान पुलिस ने कोच में रखे एक बड़े लाल रंग के ट्रॉली सूटकेस को खोला। सूटकेस के अंदर महिला का सिर कटा हुआ और कई टुकड़ों में बंटा शव मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

आगरा रेलवे पुलिस ने चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में एक अधेड़ उम्र का पुरुष और एक महिला लाल रंग का वही सूटकेस लेकर स्टेशन पहुंचते दिखाई दिए।

पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों ने सूटकेस को तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में रखा और ट्रेन रवाना होने से पहले वहां से निकल गए।

इसके बाद दोनों चेन्नई पार्क रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से इलेक्ट्रिक ट्रेन पकड़कर गुडुवनचेरी गए और फिर ऑटो से एक इलाके में पहुंचे।

गुडुवनचेरी के मस्जिद स्ट्रीट स्थित मकान पर पहुंची जांच

CCTV ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस गुडुवनचेरी की मस्जिद स्ट्रीट स्थित एक किराए के मकान तक पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर मकान बंद मिला, जिसके बाद ताला तोड़कर अंदर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि महिला की हत्या और शव को टुकड़ों में काटने की घटना इसी मकान में हुई हो सकती है।

ओडिशा के तीन किरायेदारों पर शक

स्थानीय जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले ओडिशा के रहने वाले दो महिलाओं और एक पुरुष ने यह मकान किराए पर लिया था। घटना के बाद से तीनों लोग गायब बताए जा रहे हैं।

पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Location :  Tamil Nadu

Published :  23 August 2026, 3:49 PM IST