Suvendu Adhikari PA Murder: बलिया में CBI और UP STF की दबिश, ‘टाइगर’ की तलाश में कई गांवों में छापेमारी

बलिया में बहुचर्चित शुभेंदु पीए हत्याकांड की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में नया मोड़ आने के बाद सीबीआई और एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार देर रात बांसडीह रोड क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की। रात करीब दो बजे श्रीपुर गांव समेत कई इलाकों में दबिश देकर फरार आरोपियों और उनके करीबियों की तलाश की गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 May 2026, 12:54 PM IST
google-preferred

Ballia: बलिया में बहुचर्चित शुभेंदु पीए हत्याकांड की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में नया मोड़ आने के बाद सीबीआई और एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार देर रात बांसडीह रोड क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की। रात करीब दो बजे श्रीपुर गांव समेत कई इलाकों में दबिश देकर फरार आरोपियों और उनके करीबियों की तलाश की गई। इस कार्रवाई से इलाके में देर रात तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।

ज्ञानेंद्र सिंह के करीबी ‘टाइगर’ की तलाश में छापेमारी

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि फरार चल रहे ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु का करीबी ‘टाइगर’ क्षेत्र में मौजूद है। इसी इनपुट के आधार पर सीबीआई और एसटीएफ ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि खबर लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। टीम लगातार क्षेत्र में संदिग्धों के संपर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है।

कार खरीद-बिक्री से खुला कनेक्शन

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु ने बांसडीह रोड क्षेत्र निवासी जितेंद्र सिंह से 50 हजार रुपये में एक कार खरीदी थी। इसके बाद इस मामले में राजकुमार और नवीन सिंह के नाम भी सामने आए। जांच एजेंसियां अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर हत्याकांड की साजिश और नेटवर्क को समझने में जुटी हैं।

नवीन सिंह मऊ जेल भेजा गया

उधर फेफना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए नवीन सिंह को न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मऊ जेल भेज दिया गया है। अब सीबीआई उसे कोलकाता ले जाकर अदालत में पेश करने की तैयारी में है। इसके लिए एजेंसी को ‘वारंट बी’ हासिल करना होगा। सूत्रों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।

निसान माइक्रा कार बनी जांच का बड़ा सुराग

एसटीएफ की जांच में सामने आया कि हत्याकांड में इस्तेमाल की गई निसान माइक्रा कार फुलवरिया गांव निवासी जितेंद्र सिंह की थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह कार इसी महीने की पहली तारीख को शीतल दवनी निवासी ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु को बेची थी। इसी खुलासे के बाद से एसटीएफ ने मनु की तलाश तेज कर दी है।

तीन राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

जांच एजेंसियों ने जब ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु उर्फ अभिषेक उर्फ मानवेंद्र सिंह का आपराधिक इतिहास खंगाला तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में हत्या समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वाराणसी कैंट, बलिया के बांसडीह रोड और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भी उसके खिलाफ हत्या के केस पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।

Location :  Ballia

Published :  22 May 2026, 12:54 PM IST

Advertisement