छत पर सो रही थी मां-बेटी… रात में हुआ ऐसा खौफनाक कांड कि मचा हड़कंप

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 June 2026, 2:20 PM IST

Firozabad: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

22 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक, नगला चतुरी निवासी राज बहादुर सिंह ने अपनी बेटी सरिता की शादी करीब 22 साल पहले नानेमऊ थाना नसीरपुर निवासी रामनरेश उर्फ जगमोहन यादव से की थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। परिवार सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन आरोप है कि कुछ समय से पति शराब का आदी हो गया था। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि शराब पीने के बाद रामनरेश आए दिन सरिता के साथ मारपीट और विवाद करता था।

विवाद के बाद छत पर सोने गई थी महिला

परिजनों के मुताबिक, 26 जून की रात रामनरेश शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर सरिता अपने बच्चों और सास के साथ घर से निकलकर देवर के मकान की छत पर जाकर सो गई, ताकि झगड़े से बचा जा सके। आरोप है कि देर रात रामनरेश छत पर पहुंच गया।

बढ़ी हुई पेंशन पर मंडराया खतरा, फिरोजाबाद के शहरी निकायों ने नहीं भेजी रिपोर्ट, जुलाई में कैसे आएगा पैसा?

लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी पति ने छत पर पहुंचकर सरिता के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी महिला की बेटी ने फोन के जरिए परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

पिता ने दर्ज कराया मुकदमा

घटना के बाद मृतका के पिता राज बहादुर सिंह ने शिकोहाबाद थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात! पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आई पत्नी पर भी हमला

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

शिकोहाबाद पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पति को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Firozabad

Published :  27 June 2026, 2:20 PM IST