Sultanpur Crime: पत्रकार पर हमला, 3 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज

सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार महेश नारायण द्विवेदी पर हमले का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, हमलावरों ने तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की और फिर बट से मारपीट की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 October 2026, 2:47 PM IST

Sultanpur:  उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में वरिष्ठ पत्रकार महेश नारायण द्विवेदी पर हमले का मामला सामने आया है। हलियापुर थाना क्षेत्र के रामनगरा मजरे डेहरियावां गांव में सोमवार रात आरोपियों ने कथित तौर पर पहले तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की। इसमें नाकाम रहने पर पत्रकार के साथ तमंचे के बट से मारपीट की गई। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में आक्रोश है। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोली चलाने की कोशिश नाकाम, तमंचे के बट से हमला

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार महेश नारायण द्विवेदी पर सोमवार रात हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ गाली-गलौज की और तमंचे से गोली चलाने का प्रयास किया। हालांकि, वे इसमें सफल नहीं हुए। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे के बट से उनकी पिटाई कर दी। हमले के दौरान पत्रकार को चोटें आईं और उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।

महेश नारायण द्विवेदी उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर और मेडिकल परीक्षण के बाद हलियापुर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

डर को छोड़ो, बेखौफ आगे बढ़ो! सीतापुर में महिला सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरी पुलिस और छात्राओं की टोली

पत्रकार पर हमले से संगठनों में नाराजगी

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों ने नाराजगी जताई है। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष संतोष यादव ने हमले की निंदा करते हुए जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यूनियन के उपाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों पर इस तरह के हमले चिंताजनक हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

यूनियन के महामंत्री निसार अहमद ने भी पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर मामले का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बल्दीराय इकाई के अध्यक्ष पवन दुबे ने भी घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में देरी होती है, तो पत्रकार धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

कानपुर देहात: सीएम योगी की चुनौती पर सपा नेता संतोष त्रिपाठी का पलटवार, कहा- अयोध्या में न हो राजनीतिक अहंकार

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

फिलहाल हलियापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीनों अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर अभी आगे की कार्रवाई का इंतजार है। वहीं, पत्रकार संगठनों ने स्पष्ट किया है कि वे मामले में ठोस कार्रवाई चाहते हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Location :  Sultanpur

Published :  13 October 2026, 12:18 PM IST