
सुलतानपुर में नकाबपोश बदमाशों ने फेरीवाले को पीटा (Img: AI Image)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े एक फेरीवाले के साथ मारपीट और लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि नकाबपोश असलहाधारी बदमाशों ने उसे डंडे से पीटा और कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच एक राहगीर के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस इसे लूट के बजाय मारपीट का मामला बता रही है।
सीतापुर जिले का रहने वाला सईद अनवर कामतागंज बाजार में रहता है और गांव-गांव घूमकर रजाई-गद्दे बेचता है। पीड़ित के मुताबिक, 24 नवंबर को वह देहात थाना इलाके के एक गांव में फेरी लगा रहा था, तभी नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया।
सईद का आरोप है कि हमलावरों ने पहले उस पर डंडों से हमला कर घायल कर दिया और फिर बंदूक की नोक पर उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो उसे बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित के मुताबिक, जब हमलावर उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक राहगीर मौके पर आ गया। राहगीर के बीच-बचाव करने के बाद हमलावर बिना लूटपाट किए भाग गए।
सईद अनवर का कहना है कि उन्होंने घटना के बारे में देहात थाने में लिखित शिकायत दी है। हालांकि, घटना के तीन दिन बाद भी अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
देहात थाना इंचार्ज कमलाकांत त्रिपाठी ने कहा कि मामला लूट का नहीं, बल्कि मारपीट का है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Location : Sultanpur
Published : 27 November 2026, 12:51 PM IST